Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में खरीफ फसलों का बीमा:अनाज, दलहन, तिलहन के लिए 31 जुलाई तक कराएं पंजीयन

INT News14 July 2026 at 10:50 am

उमरिया के प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 की फसलों के बीमा पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उप संचालक कृषि संग्राम सिंह मरावी ने बताया कि किसान अपनी अधिसूचित खरीफ फसलों का बीमा 31 जुलाई तक करा सकते हैं। मरावी ने जानकारी दी कि खरीफ मौसम में अनाज, दलहन और तिलहन फसलों के लिए किसानों को बीमित राशि का अधिकतम 2 प्रतिशत प्रीमियम ही देना होगा। शेष प्रीमियम का भुगतान राज्य और केंद्र सरकार की ओर से किया जाएगा। इस योजना के तहत अधिसूचित क्षेत्रों में अधिसूचित फसल उगाने वाले सभी किसान, बटाईदार और काश्तकार बीमा कराने के पात्र हैं। फसल ऋण लेने वाले किसानों की फसलों का बीमा संबंधित बैंक के जरिए किया जाएगा। केसीसी किसान 29 जुलाई तक दे सकते हैं वहीं, अऋणी किसान सहकारी समितियों, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), बैंकों, फसल बीमा पोर्टल, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, अधिकृत प्रतिनिधियों और उर्वरक विक्रय केंद्रों के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। अऋणी किसानों को पंजीयन के लिए भू-अधिकार पुस्तिका, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, सत्यापित बुआई प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना होगा। केसीसी ऋणी किसान फसल परिवर्तन की सूचना 29 जुलाई तक संबंधित बैंक में दे सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अधिसूचित क्षेत्र में बोई गई अधिसूचित फसलों का समय रहते बीमा कराकर योजना का लाभ उठाएं।