समाचार · उत्तराखंड
बरसों तक सरकार ने नहीं सुनी, गांववालों ने उफनती नदी पर खुद ही बना दी पुलिया- VIDEO

मॉनसून के साथ ही उत्तराखंड में मौसम की मार पड़ रही है। प्रदेश के कई इलाकों में बरसात और भूस्खलन के कारण रास्ते बंद पड़े हैं। सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया है। राजधानी देहरादून से कुछ किलोमीटर दूर त्यूणी में भी हालात काफी बुरे हैं। यहां पुलिया न होने से हर बार बरसात शुरू होते ही आधा दर्जन गांव के लोग जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार करने को मजबूर हो जाते हैं। इस बार ग्रामीणों ने सरकारी सिस्टम से तंग आकर खुद ही पुलिया बना डाली। ग्रामीणों ने पेड़ को काटकर नदी के ऊपर अस्थायी पुल बना दिया।बरसात शुरू होते ही त्यूणी तहसील के दारागाड़ खड्ड पर बसे नखारी छानी क्षेत्र के ग्रामीणों की परेशानी भी बढ़ जाती है। यहां पुलिया नहीं होने के कारण हर साल आधा दर्जन गांवों के लोगों को जान जोखिम में डालकर उफनते खड्ड को पार करना पड़ता है। खेती-बाड़ी से लेकर बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही तक, हर कदम पर खतरा मंडराता रहता है।उफनती नदी पर बनाया पेड़ का पुलवीडियो में ग्रामीणों को पेड़ लगाकर पुल बनाते देखा जा सकता है। बता दें कि यहां खत शिलगांव के छजाड़, हरटाड़ गांव, खेड़ा, नखारी छानी, भलीयार छानी, खासनी छानी तथा खत लखौ के सारनी गांव की बटाड़ छानी और किस्तूड़ क्षेत्र के ग्रामीणों की कृषि भूमि इसी खड्ड के दूसरी ओर स्थित है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान टमाटर की खेती, धान की रोपाई और अन्य कृषि का कार्य करते हैं।कई परिवार बरसात के मौसम में अपनी छानियों में ही निवास करते हैं, जिन्हें रोजमर्रा के काम के लिए दिन में कई बार खड्ड पार करना पड़ता है। बरसात के दौरान जैसे ही दारागाड़ खड्ड उफान पर आता है, किसानों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं। खेतों में तैयार टमाटर की फसल को नखारी, भलीयार और बटाड़ छानियों से डाड़ी सड़क तक पहुंचाना चुनौती से कम नहीं रहता।पुलिया बनाकर खुद तलाश रहे समाधानग्रामीण लंबे समय से पुलिया बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक भी उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके कारण हर बरसात में छजाड़-हरटाड़ के ग्रामीण नखारी छानी के पास अपने स्तर पर लकड़ी की अस्थायी पुलिया बनाकर खड्ड पार करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस बार भी लकड़ी के पुलिया के माध्यम से खड्ड पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में समस्या बन जाती है।एसडीएम से लगाई गुहारग्रामीण सरदार सिंह, विजयपाल नेगी, खजान सिंह, लक्ष्मण चौहान, विजय सिंह चौहान, अंकित सिंह, मुकेश सिंह, भगत सिंह, काना सिंह, फतेह सिंह सहित अन्य लोगों ने एसडीएम को पत्र भेजकर नखारी-भलीयार छानी के पास स्थायी पुलिया निर्माण की मांग की है। एसडीएम प्रेमलाल ने कहा कि ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर जिला आपदा प्रबंधन समिति को भेजा जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद पुलिया का निर्माण हो जाएगा।