Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

यूपी पुलिस की आँखों में धूल झोंककर बरेली कोर्ट से भागा बंदी, लापरवाही पर 8 पुलिसकर्मी निलंबित, 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

INT News24 October 2026 at 01:56 pm

Bareilly Prisoner Escape Case (पवन तोमर की रिपोर्ट): जिला न्यायालय परिसर में पेशी के लिए लाया गया एक बंदी पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. वहीं, फरार बंदी समेत नौ लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है.

पेशी के दौरान सुरक्षा में चूक

जानकारी के मुताबिक, 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:45 बजे जिला जेल से बंदियों को न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था. इसी दौरान सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बंशी नगला निवासी सचिन सिंह ठाकुर पुत्र निर्भान सिंह उर्फ चंद्रभान सिंह को एडीजे कोर्ट में पेश किया जाना था. आरोप है कि कोर्ट परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों की निगरानी के बीच सचिन मौका पाकर फरार हो गया.

छह बंदियों में से एक गायब, जांच में खुली पोल

मामले का खुलासा 22 अक्टूबर को उस समय हुआ, जब न्यायालय चौकी प्रभारी एसआई सरोज कुमार ने हवालात का निरीक्षण किया. पेशी के लिए छह बंदियों को भेजे जाने का रिकॉर्ड था, लेकिन वापस लौटने पर हवालात में केवल पांच बंदी ही मिले. इसके बाद पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई और न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई.

सीसीटीवी फुटेज में सामने आई लापरवाही

जांच के दौरान सामने आया कि हेड कांस्टेबल कुलवंत सिंह एक बंदी को लेकर वापस आए थे, जबकि एसआई बिजेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह चार बंदियों के साथ लौटे थे. इस तरह कुल पांच बंदियों की वापसी हुई, जबकि सचिन का कोई पता नहीं था. इसके बावजूद जनरल डायरी (जीडी) में सभी छह बंदियों की वापसी दर्ज कर दी गई थी. रिकॉर्ड के अनुसार, दोपहर 2:12 बजे वापसी की प्रविष्टि की गई, लेकिन बंदी के गायब होने की सूचना अधिकारियों को नहीं दी गई.

एसएसपी ने आठ पुलिसकर्मियों पर की कार्रवाई

घटना को गंभीर मानते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने हवालात और पेशी ड्यूटी में तैनात आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. न्यायालय चौकी प्रभारी की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है. मामले में फरार बंदी सचिन सिंह ठाकुर के अलावा एसआई बिजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल कुलवंत सिंह, हवालात प्रभारी सुधीर कुमार, सोमदास, धर्मेंद्र, इंद्रजीत और आदेश को नामजद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 261 और 262 के तहत कार्रवाई की गई है.

फरार बंदी की तलाश में चार टीमें जुटीं

सीओ सिटी आशुतोष शिवम के अनुसार, न्यायालय में पेशी के दौरान सचिन सिंह ठाकुर फरार हुआ था. मामले में कार्रवाई के साथ ही उसकी तलाश तेज कर दी गई है. गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी, कोतवाली और सुभाषनगर थाने की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं. पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और फरार बंदी की तलाश में जुटी हैं.

Must Read- क्या PM मोदी पर किया गया जादू-टोना? मऊ के मुक्तिधाम में तस्वीर के पास मिले संदिग्ध सामान, पुलिस ने दर्ज किया केस