Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

जींद में तहसीलदार-कानूनगो और पटवारी पर FIR:SDM- कमिश्नर कोर्ट में चल रहा जमीनी विवाद, स्टे ऑर्डर के बावजूद दर्ज किया इंतकाल

INT News25 October 2026 at 12:33 pm

जींद में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने नायब तहसीलदार, कानूनगो और हलका पटवारी के खिलाफ जालसाजी तथा धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। तीनों पर रजाना खुर्द की जमीन के इंतकाल का केस कमिश्नर व एसडीएम कोर्ट में लंबित और स्टे ऑर्डर होने के बावजूद तीन भाईयों में से एक के नाम रोड के साथ लगती तीन एकड़ जमीन का इंतकाल एक के नाम दर्ज करने का आरोप है। बता दें कि, 25 सितंबर को खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की अध्यक्षता में हुई ग्रीवेंस की मीटिंग में यह मामला उठाया गया था। मंत्री ने तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के आदेश दिए थे। जिसके बाद पुलिस की इकोनामिक्स सेल की जांच के बाद पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने तत्कालीन नायब तहसीलदार रणबीर, कानूनगो सुरेश व हलका पटवारी रविदत्त के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मीटिंग में स्वीकारी थी गलती मामले की सुनवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मंत्री के सामने इस मामले में अपनी गलती स्वीकार की थी। विभागीय अधिकारी, खेल राज्य मंत्री और शिकायकर्ता के सवालों का जवाब नहीं दे पाए थे। अधिकारियों के गलती स्वीकारने के बाद मंत्री ने इससे जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी करने के आदेश दिए थे। जानिए क्या आरोप लगाए गए थे? गांव रजाना खुर्द निवासी लाभ सिंह ने ग्रीवेंस में शिकायत दी। जिसमें आरोप लगाया कि उनकी गांव में 33 एकड़ जमीन में तीन हिस्सेदार हैं। हमारे इंतकाल का केस एसडीएम सफीदों और कमिश्नर हिसार की कोर्ट में लंबित है। इंतकाल दर्ज करने को लेकर कमिश्नर कोर्ट ने स्टे ऑर्डर दिया हुआ है। कमिश्नर कोर्ट में 4 नंवबर व एसडीएम कोर्ट में 11 नवंबर को अगली सुनवाई है। इसके बावजूद 9 जुलाई 2025 को इंतकाल कर दिया। जिसमें जींद- सफीदों मार्ग से लगती 3 एकड़ प्राइम लैंड बादल सिंह के नाम कर दी। जानिए क्या है पूरा मामला गांव रजाना खुर्द में तीन भाईयों, बादल सिंह, कर्ण सिंह व दलबीर की 33 एकड़ (करीब 250 मरला, तीनों के हिस्से में 11-11 एकड़) जमीन है। जिसकी खेवट व खाता नंबर अगल हो गई। कर्ण सिंह के बेटे लाभ सिंह ने इस पर आपत्ति जताते हुए केस डाल दिया। जिस पर कमिश्नर कोर्ट ने इंतकाल दर्ज न करने का स्टे ऑर्डर कर दिया। एसडीएम और कोर्ट केस लंबित होने के बावजूद 9 जुलाई को जींद- सफीदों रोड के साथ लगती तीन एकड़ प्राइम लैंड का इंतकाल बादल सिंह के नाम दर्ज कर दिया। जिसकी पटवारी ने ऑनलाइन रिकार्ड में एंट्री भी कर दी। जमीन की खेवट नंबर 285 थी। 2024-25 में इसकी दो खेवट 319 व 320 बना दी। 319 नंबर खेवट मेरे ताऊ बादल सिंह व 320 मेरे पिता कर्ण सिंह के नाम से बनी। तीनों आरोपियों को सस्पेंड किया जाए : लाभ सिंह शिकायतकर्ता लाभ सिंह ने केस दर्ज होने पर कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में बड़ा खेल हुआ है। मामले की अब निष्पक्ष जांच के लिए तीनों आरोपियों को सस्पेंड किया जाए, जिससे अपने पद का दुरुपयोग कर जांच को प्रभावित नहीं कर पाए।