समाचार · पंजाब
मानसा में लोग सीवरेज का गंदा पानी पीने को मजबूर:भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा ने किया प्रदर्शन, 20 अगस्त को सीवरेज बोर्ड का करेंगे घेराव
मानसा जिले के गांव खियाला कलां में भारतीय किसान यूनियन (एक्ता डकौंदा) की अगुवाई में ग्रामीणों ने पंजाब सरकार और प्रशासन के खिलाफ एक विशाल रोष प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन पिछले तीन वर्षों से 'समाओ ब्रांच' नहर में सीवरेज का गंदा पानी डाले जाने के विरोध में किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की इस लापरवाही के कारण कई गांवों का भूमिगत जल और पीने का पानी पूरी तरह दूषित हो चुका है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रदेश नेता माखन सिंह भैणी बाघा ने प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। एक तरफ पूरा देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, तो दूसरी तरफ इसी देश के ग्रामीण सीवरेज का जहरीला और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध न होने के कारण लोग लगातार कैंसर, हेपेटाइटिस और पेट की गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। 5 गांवों के लोग परेशान, अधिकारियों ने साधी चुप्पी किसान नेताओं ने बताया कि इस समस्या से एक नहीं बल्कि इलाके के पांच मुख्य गांव खियाला कलां, खियाला खुर्द,मलिकपुर खियाला, दलेल सिंह वाला, कोटड़ा कलां बुरी तरह से प्रभावित है। ग्रामीणों के अनुसार, वे इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार डिप्टी कमिश्नर, वाटर सप्लाई विभाग के एक्सईएन और एसडीओ (SDO) को लिखित में शिकायत दे चुके हैं। लेकिन इतने साल बीत जाने के बाद भी किसी अधिकारी ने मौके पर आकर सुध नहीं ली और न ही कोई ठोस कार्रवाई की। 20 अगस्त को सीवरेज बोर्ड कार्यालय का घेराव करने का अल्टीमेटम प्रशासन के अड़ियल रवैये से नाराज किसान संगठन और ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संगठन ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का तुरंत कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो 20 अगस्त को सीवरेज बोर्ड के एक्सईएन कार्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस बड़े विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक नेता बलजीत सिंह भैणी बाघा, बलविंदर शर्मा, वरियाम सिंह, परगट सिंह, रूप शर्मा, सिकंदर सिंह, गुरसेवक सिंह, रावल सिंह, जरनैल सिंह सहित भारी संख्या में पांचों गांवों के पुरुष और महिलाएं उपस्थित रहीं।