Thursday, 13 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पागल कुत्ते ने बच्चों समेत 5 लोगों को काटा:शाजापुर में एक शख्स गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

INT News13 August 2026 at 09:48 pm

शाजापुर जिले के ग्राम मोल्टा में गुरुवार रात करीब 7 से 8 बजे के बीच एक कुत्ते ने कई लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई। हमले में बालकृष्ण पाटीदार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। बालकृष्ण पाटीदार के भतीजे सुरेश पाटीदार ने बताया कि लाल रंग का एक कुत्ता पनवाड़ी गांव की ओर से जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से आया था। बालकृष्ण अपने कुत्ते को घुमाने के लिए गांव के पीछे गए थे, तभी उस पागल कुत्ते ने उन पर अचानक हमला कर दिया। उनके साथ मौजूद पालतू कुत्ते ने उन्हें छुड़ाने में मदद की। बच्चों पर भी किया हमला बालकृष्ण किसी तरह खुद को बचाकर घर पहुंचे और ग्रामीणों को इस बारे में सतर्क किया। इसके बाद भी कुत्ते ने दूसरे मोहल्ले में पहुंचकर चार-पांच बच्चों को भी काट लिया, जिससे गांव में भय का माहौल बन गया। कुत्ते के हमले में घायल हुए पांच लोगों को शाजापुर जिला अस्पताल लाया गया। इनमें अनिल पिता रामसिंह, आयशा पिता आजम खां, शेरदिल पिता शाहिद खां, बालकृष्ण पिता रामचंद्र और पीयूष पिता ओमप्रकाश शामिल हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टर अरुण पाटीदार ने जानकारी दी कि मोल्टा और पनवाड़ी क्षेत्र से कुत्ते के काटने के पांच मामले सामने आए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन और एंटी-रेबीज सीरम दिया गया है। फिलहाल, सभी पांचों मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उनकी निगरानी की जा रही है।