समाचार · मध्य प्रदेश
डिंडोरी-अमरपुर मार्ग पर बाइक सवार 2 युवक घायल:CEO ने रुकवाया काफिला; घायलों को खुद अस्पताल पहुंचाया
डिंडोरी-अमरपुर मार्ग पर शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल दो बाइक सवारों की मदद के लिए जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी और जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह आगे आए। दोनों अधिकारियों ने अपना वाहन रुकवाकर घायलों को अमरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। बरसिंघा गांव के पास टकराईं बाइक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बरसिंघा गांव के पास दो बाइक आपस में टकरा गईं। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी की नजर घायलों पर पड़ी। एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया घायलों की हालत देखकर सीईओ ने काफिला रुकवाया और जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय घायलों को अपने वाहन से अमरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। दोनों घायलों का इलाज जारी घायलों में एक अमित पिता तुलसी है, जो भानपुर गांव से डिंडोरी की ओर जा रहा था। दूसरा युवक अमरपुर की तरफ बाइक से जा रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई। स्थानीय लोगों ने सराहा हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। अधिकारियों ने बिना देरी किए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनकी तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। हादसे के बाद समय पर मेडिकल सहायता मिलने की जरूरत भी सामने आई।