Friday, 18 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

केदारनाथ में पारा -2°C, कई जिलों में बर्फबारी; उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, अगले तीन दिन कैसा रहेगा हाल?

INT News18 September 2026 at 02:00 pm

उत्तराखंड के कई इलाकों खासकर ऊंचाई वाले हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. चमोली के हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है. केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी ओलावृष्टि के साथ हल्की बर्फबारी की खबर है. मौसम में आए इस बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है. वहीं, अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने का अनुमान है.

हेमकुंड साहिब में पहली बर्फबारी, पहाड़ों पर बढ़ी ठंड

चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का अलग ही रंग देखने को मिला. हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी हुई.

इसके अलावा रुद्रनाथ और केदारनाथ क्षेत्र में भी ओले पड़ने के साथ हल्की बर्फबारी देखी गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में ऊंची चोटियों पर बर्फ की परत जमने और तापमान में गिरावट की जानकारी सामने आई है.

मौसम में बदलाव का असर चारधाम यात्रा वाले इलाकों में भी दिखाई दे रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चारधाम यात्रा अपडेट के अनुसार 18 सितंबर की सुबह जोशीमठ से बद्रीनाथ-हेमकुंड साहिब और रुद्रप्रयाग से केदारनाथ के मार्ग पर हल्की बारिश हुई थी.

केदारनाथ में बढ़ी ठंड -2°C तक पहुंचा पारा

केदारनाथ में शुक्रवार सुबह तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है. हालांकि यह आंकड़ा स्थानीय रिपोर्टों पर आधारित है.

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और धारचूला में भी बारिश हुई. पंचाचूली और राजरंभा की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने की जानकारी सामने आई है.

केदारघाटी में बारिश और बूंदाबांदी के कारण हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय प्रभावित होने की रिपोर्ट भी है.

19 से 21 सितंबर तक कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?

IMD के अनुसार 18 सितंबर को उत्तराखंड के कई हिस्सों में बादल छाए रहे. इस दौरान कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ी.

वहीं IMD के राज्य-स्तरीय चेतावनी बुलेटिन में 19, 20 और 21 सितंबर के लिए जारी अनुमान में उत्तराखंड के कुछ जगहों पर बारिश या गरज-चमक की संभावना बनी हुई है.

हलांकि ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए केदारनाथ, हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ और दूसरे पर्वतीय मार्गों पर जाने वाले यात्रियों के लिए रवाना होने से पहले स्थानीय मौसम और यात्रा मार्ग की ताजा स्थिति जरूर देख लें.

ये भी पढ़ें: kal ka mausam : बिहार समेत इन राज्यों में बारिश के आसार, जानें आपके राज्य का हाल