समाचार · मध्य प्रदेश
बाइक लेकर मोहनपुरा डैम के पुल पर उतरा युवक:तेज बहाव के बीच लापरवाही का VIDEO; रोकने के बावजूद नहीं माना
राजगढ़ में मोहनपुरा डैम के 17 गेट खुलने के बाद पुल पर तेज बहाव के बीच बाइक निकालते एक युवक का वीडियो सामने आया है। पुल पर पानी तेजी से बह रहा था, इसके बावजूद बाइक सवार ने अपनी बाइक पानी में उतार दी। मौके पर मौजूद एक युवक ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। दरअसल, वीडियो गुरुवार शाम करीब 7 बजे मोहनपुरा डैम का है। जब डेम के 17 गेट खोले गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर डैम को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। गेट खुलने के बाद डैम से कुछ ही दूरी पर बने पुल पर पानी तेजी से बहने लगा। इसी दौरान बाइक सवार वहां पहुंचा। एक युवक पुल पर खड़े होकर बाइक सवार को आगे जाने से रोकने की कोशिश करता है। वह उसे हाथ से रुकने का इशारा करता है, लेकिन बाइक सवार नहीं रुकता। वीडियो में वह बाइक को पानी के बीच उतारकर आगे बढ़ता रहता है। उस समय डैम से पानी लगातार छोड़ा जा रहा था और पुल पर बहाव बढ़ रहा था। बाइक सवार किसी तरह पानी के बीच से बाइक निकालकर पुल के दूसरी ओर पहुंच गया। हालांकि, अगर पानी का बहाव और तेज हो जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। तेज बहाव में बाइक का संतुलन बिगड़ने पर सवार पानी में गिर सकता था। शुक्रवार को वीडियो सामने आने के बाद बाइक सवार की यह लापरवाही चर्चा में है।