Friday, 18 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मिर्गी की दवा जांच में फेल, फर्म ब्लैकलिस्ट:MPPHCL ने तीन मामलों में 2 साल की कार्रवाई की; सप्लाई और टेंडर में गड़बड़ी पर भी एक्शन

INT News18 September 2026 at 01:52 pm

मध्यप्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सप्लाई होने वाली मिर्गी की दवा गुणवत्ता जांच में अमानक पाई गई है। मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPPHCL) ने दवा का एक बैच फेल होने पर संबंधित फर्म को दो साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया है। इसके अलावा तय समय पर कृमिनाशक दवा की सप्लाई नहीं करने और मेडिकल उपकरण की निविदा में कथित फर्जी दस्तावेज लगाने वाली दो अन्य फर्मों पर भी दो-दो साल की कार्रवाई की गई है। Levetiracetam 250 mg का बैच गुणवत्ता जांच में फेल MPPHCL ने मेसर्स यूनिक्योर इंडिया लिमिटेड द्वारा सप्लाई की गई Levetiracetam टैबलेट IP 250 mg के Batch No. EV1TG004 को गुणवत्ता जांच में फेल पाए जाने के बाद संबंधित फर्म को दो साल के लिए डिबार/ब्लैकलिस्ट किया है। सरकारी औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, MPFDA की रिपोर्ट में इस बैच को अमानक पाया गया था। दवा का निर्माण मार्च 2026 में हुआ था और इसकी एक्सपायरी फरवरी 2028 थी। कॉर्पोरेशन ने इस बैच की कुल कीमत ₹3,28,462.09 सात दिनों के भीतर जमा कराने के निर्देश दिए हैं। राशि जमा नहीं करने पर सुरक्षा राशि से इसकी वसूली की जाएगी। पहले से खरीदी गई ऐसी दवाओं या जारी हो चुके क्रय आदेशों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, बशर्ते वे गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों। आदेश में कहा गया है कि टेंडर की शर्तों के अनुसार सरकारी प्रयोगशाला की रिपोर्ट को अंतिम आधार माना गया है। मिर्गी के दौरे रोकने में इस्तेमाल होती है दवा Levetiracetam का इस्तेमाल मिर्गी और दौरे (seizures) को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। यह अलग-अलग तरह के मिर्गी के दौरों को रोकने या कम करने में मदद करती है। आदेश में यह नहीं बताया गया है कि अमानक पाए गए बैच में किस गुणवत्ता पैरामीटर की कमी थी। Albendazole की पूरी सप्लाई नहीं की, फर्म 2 साल डिबार मेसर्स हीलर्स लैब लखनऊ को सरकारी अस्पतालों के लिए Albendazole 400 mg टैबलेट की सप्लाई का आदेश दिया गया था। क्रय आदेश जारी होने के बावजूद फर्म ने अनुबंध के मुताबिक पूरी सप्लाई नहीं की। कई क्रय आदेशों के तहत सप्लाई नहीं होने पर कॉर्पोरेशन ने फर्म को आदेश जारी होने की तारीख से दो साल के लिए डिबार किया है। फर्म को मध्यप्रदेश की आगामी निविदाओं में भाग लेने से भी रोका गया है। हालांकि, अन्य दवाओं की भविष्य की निविदाओं में भाग लेने को लेकर आदेश में अलग प्रावधान किया गया है। लंबित ऑनलाइन क्रय आदेश और दर अनुबंध निरस्त करने के साथ सुरक्षा राशि जब्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। Albendazole कृमि संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होती है Albendazole एक कृमिनाशक दवा है। इसका इस्तेमाल पेट और आंतों में होने वाले कई तरह के कृमि संक्रमण, जैसे राउंडवर्म, हुकवर्म और पिनवर्म के इलाज में किया जाता है। कुछ विशेष परजीवी संक्रमणों में भी डॉक्टर की सलाह से इसका उपयोग किया जाता है। लैप्रोस्कोपी उपकरण की निविदा में कथित फर्जी MAF मेसर्स डिसेंट मेडिकल इक्विपमेंट सिस्टम प्रा.लि. इंदौर के खिलाफ लैप्रोस्कोपी यूनिट और उससे जुड़े उपकरणों की निविदा में कार्रवाई की गई है। कॉर्पोरेशन के आदेश के मुताबिक, कंपनी ने तकनीकी बिड में Manufacturer Authorization Form (MAF) लगाया था। बाद में संबंधित निर्माता कंपनी से इसकी जांच कराई गई। इसमें सामने आया कि ऐसा ऑथराइजेशन लेटर निर्माता कंपनी ने जारी नहीं किया था। कॉर्पोरेशन ने इसे फर्जी MAF मानते हुए निविदा की शर्तों का उल्लंघन माना। इसके आधार पर कंपनी को दो साल के लिए डिबार किया गया है और उसकी P.B.G. (सुरक्षा राशि) जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कंपनी का मौजूदा क्रय आदेश तभी प्रभावित होगा, जब उसकी शर्तों का उल्लंघन हुआ हो।