समाचार · मध्य प्रदेश
ज्वेलरी शॉप में डकैती, 2 आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार:300gm सोना-ढाई लाख रुपए ले गए; एक कर्मचारी को हाथ में लगी गोली
सिंगरौली के विंध्यनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बजरंग कॉम्प्लेक्स के कंचन ज्वेलर्स में डकैती हुई। शुक्रवार को घटना का CCTV सामने आया है। मामले में सिंगरौली पुलिस और उत्तर प्रदेश की शक्तिनगर पुलिस ने मिलकर 3 आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ लिया है। आरोपियों के पास पिस्तौल, नकदी और सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए हैं। घटना के सीसीटीवी फुटेज में चार हथियारबंद बदमाश दुकान के अंदर जाते दिखे। 4 बदमाश ज्वेलरी शॉप में घुसे, 2 बाहर थे जानकारी के मुताबिक, जयंत मस्जिद मार्केट में कंचन ज्वेलरी शॉप है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे चार बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचे। उन्होंने दुकान का गेट बंद किया और हथियार निकालकर कर्मचारियों को धमकाया। बताया गया है कि इस वारदात में कुल 6 आरोपी शामिल थे। चार बदमाश दुकान के अंदर गए थे, जबकि दो बाहर खड़े रहे। बदमाश करिब 300 ग्राम सोने के आभूषण, 200 ग्राम चांदी के आभूषण और 2.50 लाख रुपए नकद लूट कर भाग गए थे। घटना में दुकान का एक कर्मचारी गोली लगने से घायल घटना के समय दुकान में मौजूद कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा ने बताया- हम रोजाना की तरह दुकान में बैठे थे, तभी 3-4 लोग आए जिनमें से दो लोगों ने मास्क पहन रखा था बाकी लोगों के चेहरे खुले हुए थे। दुकान के अंदर पहुंचते ही लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी और कट्टा लहराना शुरू कर दिया। मुझसे पूछा डायमंड की ज्वेलरी कहां पर रखी है? मैं बताने से इनकार किया तो मेरे सर पर कट्टे के बट से चोट मार दी। इसके बाद बदमाशों ने काउंटर पर रखे हुए सोने-चांदी सहित हीरे की कुछ अंगूठियां उठाई और भागने लगे। मैंने पीछे से पकड़ने की कोशिश की तो एक ने गोली चला दी, जो मेरे हाथ पर लगी। 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी घटना के बाद सिंगरौली और शक्तिनगर पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत देवराज घटना की जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को सिंगरौली पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब तक 3 आरोपियों, लकी कुमार पासवान, अनुराग कुमार चंद्रवंशी और रोशन स्वीपर को गिरफ्तार किया गया है। घटना में इस्तेमाल दो अपाचे मोटरसाइकिल, एक पिस्टल और दो कट्टे भी जब्त किए गए हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग राज्यों में भेजी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ यूपी, छत्तीसगढ़ और झारखंड की पुलिस टीमों को भी सूचना दी गई। पुलिस ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत संभावित रास्तों पर चेकिंग शुरू की।