समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च:कलेक्टर-एसपी बोले- गड़बड़ी या शांति भंग की तो होगी सख्त कार्रवाई
विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद दतिया में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार शाम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल बानखड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल भारी पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरे। दोनों अधिकारियों ने फ्लैग मार्च निकालकर चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च पीतांबरा चौराहे से शुरू हुआ। इसके बाद यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए किलाचौक पहुंचा। वहां से पुलिस और प्रशासनिक अमला वापस पीतांबरा चौराहे तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर स्वप्निल बानखड़े ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। एसपी बोलीं- शांति भंग की तो कड़ी सजा मिलेगी
वहीं, एसपी मयूर खंडेलवाल ने कहा कि चुनावी माहौल बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के अनुसार, आने वाले दिनों में शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील मतदान केंद्रों और प्रमुख इलाकों में भी लगातार फ्लैग मार्च और पुलिस गश्त की जाएगी, ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। चुनावी गतिविधियां तेज होने के साथ ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है।