समाचार · मध्य प्रदेश
अब 18-19 जुलाई को बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक:ओरछा के राजमहल होटल में जुटेंगे भाजपा नेता; नवीन-शाह सहित कई दिग्गजों को बुलावा भेजा
मध्य प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक 18 और 19 जुलाई को निवाड़ी जिले के धार्मिक-पर्यटन नगर ओरछा में होगी। बैठक का आयोजन राज महल होटल में किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल की यह पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी, जिसमें संगठन के साथ आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित केंद्रीय नेतृत्व के कई वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रण भेजा गया है। यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम तय होता है तो अध्यक्ष बनने के बाद उनका मध्यप्रदेश में यह पहला सार्वजनिक संगठनात्मक कार्यक्रम होगा। तीन बड़े होटलों में 300 से ज्यादा कमरे होंगे बुक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेशभर से आने वाले पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों और विशेष आमंत्रितों के ठहरने की व्यवस्था के लिए ओरछा के तीन प्रमुख होटलों में 300 से अधिक कमरे आरक्षित किए जा रहे हैं। इनमें राजमहल होटल, ओरछा पैलेस और ओरछा क्लब एंड रिजॉर्ट शामिल हैं। बैठक के लिए संगठन ने स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पहली बार एक मंच पर दिखेगी नई प्रदेश टीम हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने और नई कार्यसमिति घोषित होने के बाद यह पहला बड़ा संगठनात्मक आयोजन होगा। बैठक में नई टीम का औपचारिक परिचय भी होगा। प्रदेश संगठन आगामी चुनावी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार और राजनीतिक अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा करेगा। चुनाव समिति और अनुशासन समिति पर लगेगी मुहर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश चुनाव समिति और अनुशासन समिति के गठन को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा विभिन्न प्रकोष्ठों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी होगी।