समाचार · उत्तर प्रदेश
गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो में बैकहो लोडर की चपेट में आया भाजपा नेता का बेटा, मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग

UP News: गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. बुधवार दोपहर हुए इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया. आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था. घटना के बाद स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी देखने को मिली.
बहन को लेने निकला था किशोर, रास्ते में हुआ हादसा
ओंकार सिंह झारखंडी स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं. वह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक हैं. उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे उनका बड़ा बेटा आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने पैदल चौराहे की ओर जा रहा था. इसी दौरान रोड शो में शामिल बैकहो लोडर ने उसे टक्कर मार दी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि किशोर स्कूटी से जा रहा था. टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
एम्स में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग घायल आर्यवर्धन को तुरंत एम्स लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस पर समय से कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया. इसी को लेकर परिवार के सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया.
गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर तीन किलोमीटर तक लगा जाम
कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया. प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब तीन किलोमीटर तक गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित रही. जाम की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील मौके पर पहुंचे. स्थिति संभालने के लिए कई थानों की पुलिस भी तैनात की गई.
आयोजक और चालक पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान ओंकार सिंह ने रोड शो में बैकहो लोडर शामिल कराने वाले आयोजक और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसके साथ ही झारखंडी गेट के पास सड़क पर ब्रेकर बनवाने की बात भी रखी. जिलाधिकारी ने परिवार को दोनों मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद रात करीब आठ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात फिर से शुरू हो गया.
महापौर और विधायक ने परिवार से मिलकर जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. दोनों जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.
डीएम और एसएसपी ने कही कार्रवाई की बात
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि परिवार की मांगों को गंभीरता से लिया गया है. मामले में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे. वहीं, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हादसे को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. बैकहो लोडर चालक और रोड शो के आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी.
Must Read: UP Politics: सपा-कांग्रेस में 24 सीटों पर बनेगी बात? 181 सीटों की मांग पर फंसा गठबंधन, जानें सीट शेयरिंग का पूरा गणित