Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

Exclusive: शाहरुख खान से ज्यादा हैंडसम थे शरद कपूर, लेकिन सेट पर दिखाते थे अकड़! 'जोश' के जूनियर आर्टिस्ट ने खोले पुराने राज

INT News19 November 2026 at 06:30 am

एक्सक्लूसिव: कभी बॉलीवुड की कई फिल्मों में नजर आने वाले अभिनेता शरद कपूर आज अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर को लेकर चर्चा में हैं. उनकी मौजूदा स्थिति ने एक बार फिर उनके पुराने दिनों और फिल्मी सफर को सुर्खियों में ला दिया है. इसी बीच फिल्म 'जोश' के सेट पर उनके साथ काम कर चुके एक जूनियर आर्टिस्ट ने अभिनेता को लेकर कुछ ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जो उनके स्टारडम के शुरुआती दौर की एक अलग तस्वीर दिखाते हैं. साल 1997 में गोवा में फिल्म 'जोश' की शूटिंग के दौरान मौजूद रहे जूनियर आर्टिस्ट आलोक शुक्ला ने शरद कपूर और शाहरुख खान को करीब से देखा था. वह बताते हैं कि उस दौर में शरद कपूर दिखने में शाहरुख से ज्यादा हैंडसम और मजबूत कद-काठी वाले लगते थे, लेकिन उनके व्यवहार में एक अलग तरह की अकड़ नजर आती थी. वहीं, शाहरुख खान उन्हें ज्यादा सहज और विनम्र लगे.

'जोश' के सेट पर शाहरुख और शरद को करीब से देखा

आलोक शुक्ला बताते हैं कि वह 1996 में मुंबई आए थे और साल 1997 में फिल्म 'जोश' की शूटिंग के लिए गोवा पहुंचे थे. फिल्म में शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और शरद कपूर जैसे कलाकार काम कर रहे थे. आलोक को वार्डरोब कोऑर्डिनेटर के जरिए विलेज क्राउड यानी गांव के लोगों की भीड़ वाले सीन के लिए काम मिला था. वह करीब 10 दिनों तक कलंगूट बीच के पास एक होटल में रुके थे. वहां से प्रोडक्शन की गाड़ियां कलाकारों और जूनियर आर्टिस्ट को शूटिंग लोकेशन तक ले जाती थीं. कभी पणजी, कभी किसी बीच तो कभी किसी गांव में शूटिंग होती थी.

आलोक बताते हैं, ''मैंने शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय को भी देखा और शरद कपूर से भी मुलाकात हुई. हालांकि, हम जूनियर आर्टिस्ट थे, इसलिए लीड कलाकारों से ज्यादा बातचीत नहीं होती थी. हम दूर से ही उन्हें देखते और उनके बीच होने वाली बातचीत को नोटिस करते थे.''

शाहरुख खान से ज्यादा हैंडसम लगते थे शरद कपूर

शरद कपूर की उस समय की पर्सनैलिटी को याद करते हुए आलोक शुक्ला कहते हैं कि उनकी कद-काठी काफी अच्छी थी. वह शाहरुख खान से थोड़े लंबे और मजबूत शरीर वाले थे. आलोक के मुताबिक, उस दौर में शाहरुख की पर्सनैलिटी आज जैसी नहीं बनी थी. इसके मुकाबले शरद कपूर का लुक और व्यक्तित्व ज्यादा प्रभावशाली नजर आता था.

वह कहते हैं, ''अगर दोनों को एक साथ खड़ा कर दिया जाता तो शरद कपूर ज्यादा हैंडसम दिखते थे. उनकी कद-काठी भी अच्छी थी. उस समय उनकी पर्सनैलिटी शाहरुख से ज्यादा प्रभावशाली लगती थी.''

लेकिन आलोक के मुताबिक, अच्छी पर्सनैलिटी के साथ उनके व्यवहार में वह सहजता नहीं दिखती थी, जो किसी कलाकार को लोगों के बीच लोकप्रिय बनाती है.

शाहरुख थे हंबल, शरद के व्यवहार में दिखती थी अकड़

आलोक शुक्ला ने शाहरुख खान और शरद कपूर के व्यवहार की तुलना करते हुए एक अहम बात कही. उनके मुताबिक, शाहरुख खान उस समय भी सहज और विनम्र दिखाई देते थे. बाद में भी जब उन्हें शाहरुख के साथ काम करने का मौका मिला, तो उनका व्यवहार उन्हें हंबल ही लगा.

वहीं, शरद कपूर के बारे में उनका अनुभव कुछ अलग रहा. आलोक कहते हैं, ''शरद कपूर मुझे उस समय भी बहुत हंबल नहीं लगे. उनके व्यवहार में एक तरह की स्टिफनेस थी. जूनियर आर्टिस्ट से उनकी कोई खास बातचीत नहीं होती थी. ऐसा नहीं था कि वह किसी से खास तौर पर बदसलूकी करते थे, लेकिन उनके अंदर एक अकड़ नजर आती थी.''

आलोक के मुताबिक, शरद अपने काम और अपनी दुनिया में ही रहते थे. जूनियर आर्टिस्ट से उनका कोई खास इंटरेक्शन नहीं होता था. वह इसे सिर्फ एक फिल्म के सेट तक सीमित अनुभव बताते हैं.

ऐश्वर्या राय साइकिल से गिरीं तो जूनियर आर्टिस्ट ने की मदद

फिल्म 'जोश' की शूटिंग के दौरान का एक किस्सा याद करते हुए आलोक शुक्ला बताते हैं कि एक बार ऐश्वर्या राय साइकिल से गिर गई थीं. यह घटना जिप्सी पर चढ़ने के दौरान हुई थी. उस वक्त आलोक ने उन्हें उठाने में मदद की थी. ऐश्वर्या ने इसके लिए उन्हें धन्यवाद भी कहा था.

आलोक बताते हैं कि ऐश्वर्या का व्यवहार सामान्य और सहज था. उन्होंने मदद करने पर थैंक्यू कहा और फिर अपने काम में लग गईं. हालांकि, आलोक इस मुलाकात को भी किसी खास नजदीकी के तौर पर पेश नहीं करते. उनका कहना है कि सेट पर जूनियर आर्टिस्ट और बड़े कलाकारों के बीच एक स्वाभाविक दूरी रहती थी.

'जोश' के बाद अखबारों में छपने लगी थीं शरद कपूर के टैंट्रम की खबरें

आलोक शुक्ला के मुताबिक, फिल्म 'जोश' के सेट पर उन्होंने शरद कपूर के व्यवहार में जो अकड़ महसूस की थी, उसके बाद फिल्मी अखबारों में भी अभिनेता को लेकर कई तरह की खबरें पढ़ने को मिलीं. वह बताते हैं कि 'जोश' के बाद शरद कपूर की कुछ और फिल्में सफल हुईं और वह लगातार फिल्मों में नजर आने लगे. इसी दौर में उनके बारे में शूटिंग पर नहीं पहुंचने, पैसों को लेकर विवाद और दूसरे लोगों के साथ ठीक व्यवहार नहीं करने जैसी खबरें अखबारों में छपने लगी थीं.

आलोक कहते हैं, ''उस समय अखबारों में उनके व्यवहार और दूसरे लोगों के साथ बातचीत को लेकर खबरें पढ़ने को मिलती थीं. उनके रफ बिहेवियर की भी चर्चा होती थी. बाद में उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी कई खबरें सामने आईं.''

हालांकि, वह साफ करते हैं कि इन खबरों की जानकारी उन्हें अखबारों के जरिए मिली थी. इन सभी घटनाओं के वह खुद चश्मदीद नहीं थे.

संघर्ष हर कलाकार करता है, लेकिन स्टारडम संभालना भी जरूरी

आलोक शुक्ला शरद कपूर के संघर्ष के दिनों का भी जिक्र करते हैं. उनके मुताबिक, उन्होंने अभिनेता के शुरुआती संघर्ष को लेकर भी अखबारों में पढ़ा था. उस दौर में शरद कपूर के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह ठीक से अपना खर्च चला सकें. एक समय ऐसा भी बताया गया था, जब वह बिस्किट खाकर और पानी पीकर गुजारा करते थे.

आलोक का मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष हर कलाकार करता है. सफलता पाने के बाद अपनी पहचान और व्यवहार को संभालकर रखना भी उतना ही जरूरी है. वह कहते हैं, ''स्ट्रगल तो हर आदमी करता है, लेकिन स्ट्रगल के बाद वह अपने स्टारडम को संभाल नहीं पाए.''

शरद कपूर को दोबारा काम मिले, इसके लिए दोस्त से भी की बात

शरद कपूर की मौजूदा स्थिति को लेकर आलोक शुक्ला भावुक भी नजर आते हैं. वह बताते हैं कि अभिनेता की हालत को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी थी. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उस पोस्ट को इतना रिस्पॉन्स मिलेगा. उनके मुताबिक, पोस्ट को करीब सवा तीन लाख लोगों ने देखा और 1100 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया.

आलोक ने मुंबई में अपने एक दोस्त से भी शरद कपूर को किसी सीरियल में काम देने की संभावना तलाशने को कहा था. उनका कहना है कि कलाकार का एक दौर होता है. आज जो कलाकार मुश्किल में है, जरूरी नहीं कि उसकी जिंदगी हमेशा ऐसी ही रहे. उन्होंने अपने स्तर पर कोशिश की कि शरद कपूर को दोबारा काम मिल सके.

एक समय बड़े पर्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले शरद कपूर के सफर की यह कहानी सिर्फ एक अभिनेता के उतार-चढ़ाव की नहीं है. यह उस स्टारडम की भी कहानी है, जिसमें सफलता के साथ कलाकार का व्यवहार और लोगों से उसके रिश्ते भी चर्चा का हिस्सा बन जाते हैं.

ये भी पढ़ें: 2 साल से न नहाए, न बिस्तर से उठे शरद कपूर! आखिर ऐसी हालत क्यों हुई? भाई को लेकर भी चौंकाने वाला दावा