समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ में चार दिन घने कोहरे का अलर्ट:फरीदकोट सबसे ठंडा, पारा 8 डिग्री पहुंचा; न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री गिरावट दर्ज
पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड के साथ अब कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने आज( 19 नवंबर) से लगातार चार दिन तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। 22 नवंबर तक सुबह और रात के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। इससे सड़कों पर विजिबिलिटी प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। फरीदकोट प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बरनाला में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 5 जिलों में कोहरे का अलर्ट है मौसम विभाग के मुताबिक, आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और अमृतसर में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने के कारण बारिश के आसार नहीं हैं। न्यूनतम तापमान में भी अगले कुछ दिनों तक खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, 19 से 22 नवंबर तक सुबह और रात के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो सकती है। हवाओं की गति धीमी रहने से ठंड का असर भी महसूस होगा। बरनाला में रात का तापमान सबसे अधिक पंजाब और चंडीगढ़ के विभिन्न मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 8.0 से 13.6 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। फरीदकोट सबसे ठंडा रहा, जबकि बरनाला में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। लुधियाना का पारा 8.2 डिग्री और पटियाला का 9.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से नीचे है। वहीं, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। चंडीगढ़ में पारा 11.2 डिग्री और मोहाली में 13.4 डिग्री दर्ज हुआ। पठानकोट में 11.2 डिग्री और गुरदासपुर में 10.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। पिछले 24 घंटों में पटियाला में पारा 1.7 डिग्री और लुधियाना के पीएयू केंद्र में 1.2 डिग्री गिरा, जबकि बठिंडा में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।