समाचार · हरियाणा
झज्जर बाबरा हत्याकांड में पुलिस का एक्शन:चार आरोपी गिरफ्तार,महेन्द्र की मौत के बाद सड़क पर शव रख परिजनों ने लगाया था जाम
झज्जर के गांव बाबरा में परिवार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया था, जब हमले में घायल महेन्द्र की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। महेन्द्र की मौत से गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। मौके पर पहुंचीं डीसीपी धारणा यादव ने परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाया था। अब पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रास्ते में कहासुनी के बाद घर पहुंचकर किया था हमला पुलिस के अनुसार, गांव बाबरा निवासी परमजीत ने थाना सदर झज्जर में शिकायत दी थी कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के रास्ते में कुछ व्यक्तियों के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद जब परमजीत अपने घर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों, फरसों और लोहे की रॉड से परिवार के सदस्यों पर वार किए। इस हमले में परमजीत, उसके पिता महेन्द्र, माता सुमित्रा और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर हालत को देखते हुए कुछ घायलों को पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया था। महेन्द्र की मौत के बाद सड़क पर रखा शव, 72 घंटे का दिया था अल्टीमेटम हमले में गंभीर रूप से घायल महेन्द्र की 15 नवंबर को उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों में रोष फैल गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन महेन्द्र का शव सड़क पर रखकर बैठ गए और जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस के सामने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखते हुए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। सड़क पर जाम लगने की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी धारणा यादव ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद जाम खुलवाया गया। हत्या की धारा जोड़कर चार आरोपियों को किया गिरफ्तार महेन्द्र की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मामले में धारा 103(1) के तहत हत्या की धारा भी जोड़ दी। पुलिस उपायुक्त झज्जर धारणा यादव के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना सदर झज्जर की टीम ने गांव बाबरा निवासी भूपेन्द्र, हुक्म सिंह, मनोज और वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई दो लाठियां भी बरामद की हैं। भूपेन्द्र और हुक्म सिंह का दो दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, मनोज और वीर सिंह को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस खंगाल रही हमले से जुड़े अन्य पहलू पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य हथियारों और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।