समाचार · पंजाब
विधायक के निरीक्षण में खुली सरकारी दफ्तरों की पोल:लुधियाना में कहीं अधिकारी गायब तो कहीं हाजिरी रजिस्टर नहीं, ग्यासपुरा बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
लुधियाना जिले के पायल से आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने सोमवार को फूड सप्लाई और सहकारी सेवाएं विभाग के दफ्तरों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी कामकाज और कर्मचारियों की हाजिरी देखी। विधायक सबसे पहले फूड सप्लाई विभाग के दफ्तर पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे तक वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। दफ्तर में कर्मचारियों की हाजिरी का रजिस्टर भी नहीं मिला। एक कर्मचारी ने बताया कि फूड सप्लाई इंस्पेक्टर रजिस्टर अपने साथ लेकर जाता है। धान की खरीद का सीजन चल रहा है और किसानों को सरकारी विभागों के सहयोग की जरूरत है। विधायक ने डीएफएसओ को फोन कर मामले की जानकारी दी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक बोले-जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं विधायक ग्यासपुरा ने कहा कि जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद वे सहकारी सेवाएं विभाग के दफ्तर पहुंचे। वहां सहकारी सभाओं के इंस्पेक्टर रोजाना की हाजिरी का रिकॉर्ड नहीं दिखा सके। विधायक ने संबंधित एआर की हाजिरी के बारे में पूछा तो बताया गया कि उनकी हाजिरी वीडियो कॉल से लगती है। ग्यासपुरा ने कहा कि वे यह मामला विभाग के उच्च अधिकारियों के सामने उठाएंगे। उन्होंने विभाग के सचिव अजीत बाला जोशी को रिपोर्ट भेजकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग करने की बात कही।