समाचार · मध्य प्रदेश
पिछोर में अहिल्याबाई की मूर्ति दूसरी बार खंडित:अवंतीबाई की प्रतिमाएं स्थापित; दो साल में दूसरी घटना से आक्रोश
शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र में मूर्तियों को स्थापित करने और खंडित करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात खनियाधाना थाना क्षेत्र में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की एक मूर्ति को अज्ञात लोगों ने खंडित कर दिया। यह मूर्ति भी रातोंरात स्थापित की गई थी। इसी दौरान, खोड़ चौकी क्षेत्र के बूधौन गांव में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की गई। मायापुर थाना क्षेत्र के पड़ौरा गांव में भी रानी अवंतीबाई लोधी का एक छायाचित्र बड़ी लोहे की फ्रेम पर लगाया गया। रविवार को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती है। दोबारा स्थापित करने की मांग की
मूर्ति खंडित होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षतिग्रस्त मूर्ति को दोबारा स्थापित करने की मांग की है। शोभाराम पाल ने बताया कि सांदीपनि स्कूल के पास लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की यह मूर्ति करीब दो साल पहले स्थापित की गई थी। यह दूसरी बार है जब मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। इससे पहले भी अज्ञात लोगों ने इसे खंडित किया था। मूर्ति क्षतिग्रस्त होने से समाज में आक्रोश
पाल समाज के लोगों ने 15 अगस्त के अवसर पर मौके पर पहुंचकर देखा कि मूर्ति के हाथ में मौजूद शिवलिंग और तलवार टूटकर नीचे पड़े थे। दो साल के भीतर दूसरी बार मूर्ति क्षतिग्रस्त होने से समाज में आक्रोश है। समाजजनों ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने और मूर्ति को पुनः स्थापित कराने की मांग की है। इन घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन तीनों स्थानों पर कड़ी निगरानी रख रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य है कि किसी भी तरह के विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। उल्लेखनीय है कि हाल ही में पड़ोसी चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में मूर्ति हटाने को लेकर माहौल बिगड़ गया था। ऐसे में पिछोर क्षेत्र में सामने आई इन घटनाओं को लेकर प्रशासन भी सतर्क है।