Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बहते नाले से शव लेकर गुजरे ग्रामीण:पुलिया नहीं होने से हो रही परेशानी, पंचायत और ग्रामीणों में जगह को लेकर विवाद

INT News16 September 2026 at 03:59 pm

आलीराजपुर जिले की जवनिया जनपद पंचायत के चोंगड़ फलिया गांव में ग्रामीण की अंतिम यात्रा के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ा। नाले पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को बहते पानी के बीच से शव लेकर श्मशान घाट तक जाना पड़ा। बारिश की वजह से रास्ता कीचड़ से भरा था। ग्रामीणों ने नाला पार कर शव का अंतिम संस्कार किया। ग्रामीणों के मुताबिक, चोंगड़ फलिया में नाले पर पुलिया नहीं होने से बारिश के दिनों में आना-जाना मुश्किल होता है। नाले में पानी बहने पर लोगों को पैदल ही उसे पार करना पड़ता है। किसी की मौत होने पर यह दिक्कत और बढ़ जाती है, क्योंकि शव को श्मशान घाट तक ले जाने के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।

ग्रामीण मुकेश ने बताया कि चोंगड़ फलिया में नाले पर पुलिया नहीं होने की दिक्कत काफी समय से है। ग्रामीण कई बार पुलिया बनाने की मांग कर चुके हैं। बारिश में नाले में पानी भर जाने से लोगों को उसे पार करने में परेशानी होती है। अंतिम यात्रा के दौरान भी शव को पानी के बीच से ही ले जाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पुलिया बनाने की मांग की है। वहीं, सरपंच प्रतिनिधि सिद्धार्थ चोंगड़ ने इस मामले पर अलग बात बताई। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर पुलिया बनाने की मंजूरी मिली है, ग्रामीण वहां पुलिया नहीं चाहते हैं। जबकि ग्रामीण जिस जगह पुलिया बनाने की मांग कर रहे हैं, वहां तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर समस्या सुलझाने की कोशिश की जा रही है।