समाचार · मध्य प्रदेश
एक रुपए का झांसा देकर खाते से 95 हजार निकाले:लिंक खोलते ही बंद हुए बैंकिंग ऐप, तीन ट्रांजैक्शन में खाते से 95 हजार निकले
इंदौर की हीरानगर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के मामले में बुधवार को एफआईआर दर्ज की है। न्यू गौरी नगर निवासी दिलीप वर्मा ने पुलिस को बताया कि 9 सितंबर को दीपक नाम के युवक ने उन्हें कॉल किया। आरोपी ने कहा कि उसने उनके यूपीआई अकाउंट में 1 रुपए ट्रांसफर किए हैं और इसके लिए एक लिंक भेजकर उसे देखने को कहा। दिलीप ने लिंक खोलने के बाद एसबीआई योनो और गूगल पे ऐप खोले तो दोनों काम नहीं कर रहे थे। कुछ देर बाद उनके खाते से तीन बार में करीब 95 हजार रुपए ट्रांसफर हो गए। बैंक पहुंचकर जानकारी ली तो तीनों ट्रांजैक्शन अलग-अलग खातों में होने का पता चला। दिलीप रेडीमेड कॉम्प्लेक्स में नौकरी करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कूरियर ट्रैक करने के नाम पर छात्रा से 61 हजार की ठगी एरोड्रम पुलिस ने भी छात्रा वैशू राजपूत की शिकायत पर ऑनलाइन ठगी का केस दर्ज किया है। वैशू ने अपनी बहन के लिए कूरियर सर्विस ट्रैक ऑन सेंटर से किताबें भेजी थीं। 3 सितंबर को कूरियर की जानकारी लेने के लिए दोबारा कॉल किया तो आरोपियों ने व्हाट्सएप पर कस्टमर सपोर्ट के नाम से पीडीएफ फाइल भेजने की बात कही। फाइल डाउनलोड करने पर उसमें कस्टमर सपोर्ट के लिए एपीके फाइल थी। आरोपियों ने इसे खोलने और 2 रुपए का भुगतान करने को कहा। जल्द कूरियर मिलने का भरोसा भी दिया। 6 सितंबर को अकाउंट चेक करने पर पता चला कि खाते से 61 हजार 700 रुपए निकल चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।