समाचार · पंजाब
कपूरथला में 27 नवंबर को एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक ड्रिल:रात 8 बजे अभ्यास शुरू, सायरन बजाकर दिया जाएगा एयर रेड वार्निंग सिग्नल
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार 27 नवंबर को कपूरथला जिले में रात 8 बजे सिविल डिफेंस की ओर से 'एयर रेड/ब्लैकआउट' (Air Raid/Blackout) मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नागरिक सुरक्षा तंत्र और विभिन्न राहत एजेंसियों की तैयारियों को परखना और मजबूत करना है। सायरन से होगी शुरुआत, जरूरी सेवाएं रहेंगी बहाल मॉक एक्सरसाइज की शुरुआत एयर रेड वार्निंग सिग्नल के साथ होगी, जिसके तहत रात 8 बजे दो मिनट तक तेज सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद प्रशासन द्वारा चिन्हित इलाकों में सांकेतिक (नकली) ब्लैकआउट किया जाएगा। चिन्हित क्षेत्रों के निवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे इस दौरान अपने घरों और प्रतिष्ठानों की गैर-जरूरी लाइटें बंद रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभ्यास के दौरान सभी आपातकालीन और जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। विभिन्न विभागों का परखा जाएगा तालमेल मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाने, खोज व बचाव अभियान, प्राथमिक चिकित्सा, घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और ट्रैफिक व भीड़ नियंत्रण जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। इसके जरिए विभिन्न प्रशासनिक विभागों और राहत एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की जांच की जाएगी। 'ऑल क्लियर' सायरन के साथ समाप्त होगा अभ्यास
मॉक एक्सरसाइज की समाप्ति पर 'ऑल क्लियर सिग्नल' दिया जाएगा। इसके लिए पुनः दो मिनट तक लगातार तेज सायरन बजाया जाएगा, जो इस बात का संकेत होगा कि अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है।