समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया में फायरिंग के तीन आरोपी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद:बहादुर अहिरवार पर चलाई थी गोली, मोहना हनुमान मंदिर के पास से पुलिस ने पकड़ा
दतिया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भेड़पुरा इलाके में मंगलवार रात फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार दोपहर आरोपियों का जुलूस निकाला। आरोपियों को मोहना हनुमान मंदिर के पास से पकड़ा गया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भेड़पुरा निवासी बहादुर अहिरवार पर फायरिंग की थी। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मोहना हनुमान मंदिर के पास पकड़े गए फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने माखन यादव, राम अवतार यादव और पुनीत कुशवाहा को मोहना हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस गिरफ्तारी के बाद बुधवार दोपहर पुलिस ने तीनों आरोपियों का जुलूस निकाला। टीआई वैभव गुप्ता ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था। तीनों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।