समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर में परिवार समेत सड़क पर उतरे लोको पायलट:रैली निकालकर पहुंचे धरनास्थल, सीनियर डी को हटाने की मांग, भ्रष्टाचार-प्रताड़ना के लगाए आरोप
बिलासपुर जोन में ट्रेनों के सुरक्षित संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले लोको पायलट और रनिंग स्टाफ का आंदोलन 9 दिन से जारी है। बुधवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के के साथ उनके परिवार के सदस्य भी सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने रेलवे के सीनियर डी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें हटाने की मांग की। कर्मचारियों ने सीनियर डी पर भ्रष्टाचार और प्रताड़ना समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि स्टाफ की कमी, लंबे ड्यूटी ऑवर्स, पर्याप्त आराम नहीं मिलना और सुरक्षा नियमों से जुड़े मुद्दों के कारण रनिंग स्टाफ पर लगातार काम का दबाव बढ़ रहा है। 8 दिन से प्रदर्शन, 9वें दिन परिवार भी पहुंचे लोको रनिंग स्टाफ पिछले करीब आठ दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। आंदोलन के 9वें दिन कर्मचारियों के परिवार भी उनके समर्थन में पहुंच गए। परिवार के सदस्यों ने कहा कि लोको पायलटों की ड्यूटी सीधे यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी है। ऐसे में उन्हें पर्याप्त आराम और बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलना जरूरी है। सीनियर डी पर लगाए गंभीर आरोप प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सीनियर डी के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि उनके साथ प्रताड़ना की जा रही है और कामकाज में कई तरह की अनियमितताएं हैं। इसी के चलते उन्होंने सीनियर डी को तत्काल हटाने की मांग उठाई है। स्टाफ की कमी और ड्यूटी ऑवर्स को लेकर भी नाराजगी रनिंग स्टाफ का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के बीच लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ रही है। पर्याप्त विश्राम नहीं मिलने से कर्मचारियों पर दबाव बढ़ रहा है। उनका कहना है कि ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों और आराम के नियमों का पालन जरूरी है। मांग पूरी होने तक जारी रहेगा धरना कर्मचारियों ने ऐलान किया है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। अब इस मामले में रेलवे प्रबंधन का पक्ष भी महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों और सीनियर डी को हटाने की मांग पर रेलवे प्रबंधन क्या कार्रवाई करता है, इस पर सभी की नजर है।