Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बुरहानपुर एसपी बोले- विसर्जन घाटों पर पुलिस बल तैनात होगा:बैरिकेडिंग, तैराक और सुरक्षा संसाधन भी रहेंगे; डीजे पर अश्लील गाने बजाने रोक

INT News16 September 2026 at 04:45 pm

बुरहानपुर में गणेश विसर्जन और चल समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बुधवार को बैठक ली। उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विसर्जन रूट, यातायात व्यवस्था, विसर्जन घाटों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर खास निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि सभी थाना प्रभारी विसर्जन रूट का दोबारा निरीक्षण करें और पुलिस व्यवस्था पक्की करें। विसर्जन घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेटिंग, तैराक और सुरक्षा संसाधन तैनात किए जाएंगे। गहरे पानी वाले इलाकों को पहचान कर वहां भी सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। चल समारोह के दौरान यातायात को ठीक रखने के लिए रास्ते बदले जाएंगे और वैकल्पिक मार्ग भी रहेंगे। डीजे पर अश्लील या विवादित गाने नहीं बजने चाहिए। ध्वनि सीमा का पालन करना होगा, उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। आयोजकों को समझाया गया कि वे बच्चों को भीड़ और घाटों पर साथ न लाएं, ताकि उनके बिछड़ने का खतरा न हो। विसर्जन के लिए सिर्फ तय सुरक्षित जगहों का ही इस्तेमाल हो। खतरनाक जगहों पर रोक रहेगी। झांकियों और वाहनों की पहले से जांच और निगरानी होगी। नशे में गाड़ी चलाने वालों पर खास नजर रखी जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए भीड़ वाले इलाकों में पेट्रोलिंग होगी और पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी और कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत बड़े अधिकारियों को देने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी बागरी ने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने नागरिकों और समितियों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन कर उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाएं।