Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मैहर में कुल्हाड़ी के हमले में बड़े भाई की मौत:फाइनेंस एजेंट को घर का पता बताने पर भड़का आरोपी; भाभी-भतीजे पर भी हमला किया

INT News25 October 2026 at 04:49 pm

मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के हिनौती गांव में 22 अक्टूबर को छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी और भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। तीनों को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को इलाज के दौरान 60 वर्षीय रामायण सोंधिया की मौत हो गई। आरोपी रामकिनकर सोंधिया वारदात के बाद से फरार है। फाइनेंस कंपनी का एजेंट किस्त लेने पहुंचा था जानकारी के मुताबिक, हिनौती निवासी रामकिनकर सोंधिया (46), पिता बाबूलाल सोंधिया, के नाम पर कथित तौर पर लोन था। 22 अक्टूबर को उसकी किस्त वसूलने के लिए फाइनेंस कंपनी का एजेंट घर पहुंचा था। उस समय रामकिनकर की भाभी सिया सोंधिया घर के बाहर थीं। उन्होंने एजेंट को रामकिनकर का पता बताया और उसे बुलाने के लिए कहा। जानकारी के अनुसार, एजेंट के सामने पता बताए जाने से रामकिनकर नाराज हो गया। गुस्से में उसने घर के अंदर से कुल्हाड़ी निकाली और सिया पर हमला कर दिया। बचाने पहुंचे भाई और भतीजे पर भी वार किए सिया की चीख-पुकार सुनकर बड़े भाई रामायण सोंधिया और भतीजा अंकित सोंधिया उन्हें बचाने पहुंचे। आरोप है कि रामकिनकर ने उन दोनों पर भी कुल्हाड़ी से कई वार किए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण शोर सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। वे घायलों को अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। भाभी और भतीजे की हालत खतरे से बाहर अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को रामायण सोंधिया की मौत हो गई। वहीं, सिया और अंकित की हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है। रामायण की मौत के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार रामकिनकर सोंधिया की तलाश की जा रही है।