Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भिंड में कांग्रेस चलाएगी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान:घर-घर जाकर करेगी मतदाता सूची की जांच, 1 नवंबर की दिल्ली रैली में जुटेंगे कार्यकर्ता

INT News25 October 2026 at 05:45 pm

भिंड में कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाएगी। इसे जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को ग्रामीण जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता और संगठन की बैठक हुई। इसमें 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की संयुक्त महारैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश महासचिव एवं शहर प्रभारी सुनील शर्मा, प्रदेश सचिव प्रमोद चौधरी, शहर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ‘पिंकी’, पूर्व जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, डॉ. राधेश्याम शर्मा, संगठन महासचिव महेश जाटव और बाबूराम जामौर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने पर जोर प्रेसवार्ता में सुनील शर्मा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान हुए बदलावों का मुद्दा उठाया। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। रामशेष बघेल ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष और तय समय में निराकरण होना चाहिए। घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे कार्यकर्ता बघेल ने बताया कि अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। वे मतदाता सूची की जांच करेंगे और लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे। बैठक में दिल्ली की महारैली के लिए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और जरूरी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने का संकल्प लिया।