समाचार · मध्य प्रदेश
शहडोल में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इस्पात फैक्ट्री बनेगी:CM मोहन यादव की घोषणाएं; 4 हजार को रोजगार, हाथी प्रभावित परिवारों को पक्के मकान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गीता भवन, प्राइवेट यूनिवर्सिटी और कॉमन कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने इस्पात फैक्ट्री लगाने की बात भी कही, जिससे करीब 4 हजार लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया गया। हाथियों से प्रभावित परिवारों को सर्वे के आधार पर पक्के मकान देने और किसानों के खेतों में फेंसिंग कराने की भी बात कही। इस्पात फैक्ट्री और नए शैक्षणिक संस्थान खुलेंगे मुख्यमंत्री ने शहडोल में इस्पात फैक्ट्री स्थापित करने की घोषणा की। इससे जिले में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने और करीब 4 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई। शिक्षा के क्षेत्र में प्राइवेट यूनिवर्सिटी और कॉमन कॉलेज खोलने की बात कही गई। इन संस्थानों के बनने से विद्यार्थियों को जिले में ही उच्च शिक्षा के नए विकल्प मिल सकेंगे। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और शहर में गीता भवन बनाने की भी घोषणा की गई। हाथियों से प्रभावित परिवारों को मिलेंगे पक्के मकान मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथियों के उत्पात से जिन परिवारों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें सर्वे के आधार पर पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। किसानों की फसलों को हाथियों से बचाने के लिए खेतों में फेंसिंग कराने की बात भी कही गई। 461.83 करोड़ के 134 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण दौरे के दौरान विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 461.83 करोड़ रुपए की लागत के 134 विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण की जानकारी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने नए डीएफओ कार्यालय का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।