समाचार · मध्य प्रदेश
ओवरटेक की होड़ में हादसा, 2 की गई थी जान:ट्रक-कंटेनर के दोनों फरार चालक गिरफ्तार, पुलिस की अपील- वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें
अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा थाना क्षेत्र में सेजी गांव के पास हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने ट्रक और कंटेनर के दोनों चालकों को गिरफ्तार किया है। 19 अक्टूबर की रात हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद दोनों चालक मौके से भाग गए थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय ट्रक और कंटेनर के चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। इसी दौरान लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई। हादसे के बाद शाढ़ौरा थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू की थी। दोनों आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने कंटेनर चालक ओशपाल, निवासी फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। दूसरे चालक सुनील पाल, निवासी खेरा, जिला भिंड, को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 305/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 125(ए) और 281 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ न करें, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें।