समाचार · मध्य प्रदेश
झाबुआ में स्कूल बस के ब्रेक फेल:300 मीटर तक पीछे गई बस, बच्चे सुरक्षित; क्षमता से ज्यादा सवारी का आरोप
झाबुआ जिले के राणापुर में शुक्रवार सुबह सरस्वती ज्ञान मंदिर की स्कूल बस के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के बाद बस करीब 300 मीटर तक पीछे की ओर चली गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। बस में सवार बच्चे घबरा गए, जिन्हें बाद में बस से उतारकर स्कूल भेजा गया। कुम्हार मोहल्ले के पास फेल हुए ब्रेक घटना सुबह करीब 8:45 बजे की है। बस क्रमांक MP 45P 0286 का चालक पाड़लवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चों को लेकर स्कूल आ रहा था। कुम्हार मोहल्ले के पास पहुंचते ही बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर पीछे की ओर चलने लगी। बस करीब 300 मीटर पीछे सुभाष मार्ग की ओर गई। रास्ते में चढ़ाई होने के कारण बस रुक गई। इसके बाद उसे स्थिर रखने के लिए टायरों के पीछे पत्थर लगाए गए। बच्चों में मची घबराहट, पैदल स्कूल पहुंचे बस के पीछे की ओर जाने से उसमें सवार बच्चों में घबराहट फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह नगर का व्यस्त मार्ग है। ऐसे में ब्रेक फेल होने के बाद स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद बच्चों को बस से उतारा गया। इसके बाद बच्चे करीब आधा किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचे। ब्रेक फेल हुई बस को मौके पर ही करीब दो घंटे तक ठीक किया गया, जिसके बाद उसे वहां से हटाया गया। बस की क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल घटना के बाद स्कूल बस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बस में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों के सवार होने का दावा किया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आपातकालीन द्वार के पास भी सीटें लगाई गई थीं। उनका कहना है कि आपात स्थिति में इससे बच्चों को बस से बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है। तस्वीरे देखिए…