समाचार · पंजाब
जगराओं में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:बाइक से अपने घर लौट रहे थे, लापरवाही से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते मारी टक्कर
लुधियाना के जगरांओं में लक्खा-हठूर रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव लक्खा निवासी इकबाल सिंह के रूप में हुई है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था और अपने पीछे चार बेटियों को छोड़ गया है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। थाना हठूर के सब-इंस्पेक्टर (SI) राजवीर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई जगतार सिंह ने पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में पूरी घटना की जानकारी दी है। जगतार सिंह के अनुसार, इकबाल सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव हठूर से वापस अपने गांव लक्खा लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए इकबाल की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम हादसे के बाद गांव के ही रहने वाले अंग्रेज सिंह ने परिवार को दुर्घटना की सूचना दी। अंग्रेज सिंह ने तुरंत घायल इकबाल सिंह को नागरिक अस्पताल (सिविल हॉस्पिटल) हठूर पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण इकबाल सिंह की जान चली गई। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही थाना हठूर की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी एसआई राजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई जगतार सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।" पुलिस के मुताबिक, मृतक के शव का पोस्टमार्टम जगराओं के सरकारी अस्पताल में करवाया जाएगा, जिसके बाद शव वारिसों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।