समाचार · हरियाणा
हांसी में माता-पिता से मिलने पहुंचे किन्नर से अभद्रता:व्यक्ति लाठी लेकर आया, घर में घुसा, आपत्तिजनक शब्द बोले, पुलिस से कार्रवाई की मांग
हांसी के बास गांव स्थित पुलिस थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में 21 वर्षीय किन्नर सिमरन पुलिस से न्याय की गुहार लगाती और गंभीर आरोप लगाती दिख रही है। एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में लाठी लेकर सिमरन की ओर दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। सिमरन का दावा है कि यह वीडियो उसने खुद बनाया है। बास गांव निवासी सिमरन ने बताया कि वह किन्नर है और आमतौर पर राजस्थान में अपने गुरु के पास रहती है। हाल ही में वह अपने माता-पिता और भाई से मिलने गांव आई थी। सिमरन के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसके साथ अभद्रता करने का प्रयास किया। लाठी लेकर घर में घुसा, दी धमकी जब उसने अपना बचाव करते हुए मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोप है कि वह व्यक्ति घर के अंदर से लाठी लेकर बाहर आया और उसे धमकी देने लगा। वायरल वीडियो में एक महिला उस व्यक्ति को रोकने की कोशिश करती दिख रही है। सिमरन का कहना है कि उसने 11 अगस्त को बास थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कार्रवाई की मांग की गई थी। हालांकि, इसके बावजूद उस पर ग्रामीणों द्वारा समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। सिमरन का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति उसके बारे में आपत्तिजनक बातें कह रहा है और उस पर एचआईवी पॉजिटिव होने तथा गलत काम करने जैसे गंभीर आरोप लगा रहा है। समझौता करने का बनाया दबाव डिजिटल से बातचीत में सिमरन ने बताया कि कार्रवाई न होने और लगातार समझौते का दबाव बनाए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान है। उसने पुलिस अधिकारियों से मिलकर भी अपनी समस्या बताई है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। सिमरन का कहना है कि उसकी शिकायत की निष्पक्ष जांच हो और कथित तौर पर अभद्रता व धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सिमरन ने कहा कि किन्नर होना कोई गुनाह नहीं है। मेरे साथ गलत हुआ है तो मेरी शिकायत पर कार्रवाई होनी चाहिए। समझौते के लिए दबाव बनाकर मुझे और परेशान किया जा रहा है। वहीं, इस बारे में बास थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर पवित्र से बात की गई तो उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष थाने आए हैं और इस मामले की जांच जारी है।