Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पलवल पुलिस ने रातभर की वाहनों की चेकिंग:15 जगह की गई नाकाबंदी, स्वतंत्रता दिवस को लेकर कड़ी सुरक्षा, सोशल मीडिया की निगरानी

INT News14 August 2026 at 01:33 pm

पलवल जिला पुलिस प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 3 अंतरराज्यीय नाकों सहित कुल 15 नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों का मुख्य उद्देश्य समारोह स्थल की ओर आने वाले भारी वाहनों और अनाधिकृत भीड़ को रोकना है। नाकों पर तैनात जवानों को दंगा निरोधक उपकरणों से लैस किया गया है। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह 15 अगस्त को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे। पलवल के साथ-साथ होडल और हथीन में भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। समारोह स्थल तैनात रहेगा वाटर कैनन समारोह स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर वाटर कैनन, वज्र वाहन, दंगा निरोधक टीम और अश्रु गैस दस्ता तैनात रहेगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम के चारों ओर पुलिस बल तैनात किया गया है। आमजन के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति ड्रोन का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी उप पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिले के सभी होटल, धर्मशाला, पीजी और ढाबों की निरंतर चेकिंग की जा रही है। बाहरी व्यक्तियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड संबंधित पुलिस थानों में दर्ज कराया जा रहा है। विशेष पुलिस टीमें इन स्थलों पर दिन-रात चेकिंग अभियान चला रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष निगरानी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक सुरक्षा व्यवस्था के तहत 14 अगस्त दोपहर तीन बजे से 15 अगस्त दोपहर दो बजे तक जिला नूंह और जिला मथुरा (यूपी) की तरफ से पलवल की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एसपी नीतीश अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस का पर्व शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में मनाएं। यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें।