समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर में साउथ बिहार एक्सप्रेस से घातक हथियार जब्त:तोरवा, जीआरपी, आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, स्वतंत्रता दिवस के लिए सुरक्षा कड़ी
बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार रात तोरवा थाना, GRP और RPF की संयुक्त टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान साउथ बिहार एक्सप्रेस में कुछ यात्रियों के पास से धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि बाबा धाम, देवघर से धारदार चाकू और अन्य हथियार लाकर बिलासपुर शहर में आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इन सूचनाओं के बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ाई। ट्रेन और यात्रियों के सामान की हुई जांच संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों और यात्रियों के सामान की जांच की। इसी दौरान साउथ बिहार एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान धारदार हथियार बरामद हुए। पुलिस ने हथियारों को जब्त कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्टेशन से बस स्टैंड तक निगरानी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए बिलासपुर में रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म ट्रेनों, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और सामान पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और स्वतंत्रता दिवस तक यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।