समाचार · पंजाब
ब्रिटिश सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी बोले:करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खोला जाए, अमृतसर-चंडीगढ़ से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी बढ़ाई जाएं
ब्रिटेन के सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग की है। अमृतसर में बातचीत के दौरान ढेसी ने बताया कि उन्होंने गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष से मुलाकात कर कॉरिडोर को फिर से खोलने पर चर्चा की। उन्होंने सरकार से इस संबंध में अधिक से अधिक प्रस्ताव रखने का आग्रह किया, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम लोगों को लाभ मिल सके। ढेसी ने चंडीगढ़ में पंजाब विधानसभा सत्र के दौरान एनआरआई समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाने का अवसर मिलने की बात कही। उन्होंने विधानसभा स्पीकर, मंत्रियों और अधिकारियों का उनके स्वागत और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। ढेसी ने पंजाब और विदेशों में रहने वाले एनआरआई के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया। ब्रिटिश सांसद ने सीधी हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया ब्रिटिश सांसद ने अमृतसर और चंडीगढ़ से विभिन्न देशों के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने तर्क दिया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ने से पंजाब में व्यापार और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही एनआरआई समुदाय और पंजाब के बीच संपर्क भी मजबूत होगा। ढेसी ने एनआरआई के साथ होने वाली धोखाधड़ी के मामलों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने भारत सरकार से ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने यूके, कनाडा, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की सरकारों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि विदेशों में रहने वाले भारतीयों को धोखाधड़ी से बचाया जा सके। उन्होंने एनआरआई से जुड़े जमीन विवादों के जल्द निपटारे की भी मांग की। ढेसी ने कहा कि ऐसे मामलों के लिए एक समयबद्ध व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि एनआरआई को अदालतों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि उन्होंने इन सभी मुद्दों को संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों के समक्ष उठाया है।