समाचार · छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे में 13 गोवंश की मौत:कवर्धा और कोरबा में अज्ञात वाहन की चपेट में आए, नाराज लोगों ने किया चक्काजाम
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में शुक्रवार तड़के अज्ञात वाहन ने 7 गोवंश को रौंद दिया, हादसे में छह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप घायल है। इस घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। इधर, कोरबा में भी देर रात अज्ञात वाहन की 17 गोवंश चपेट में आ गए। जिसमें से 7 की जान चली गई, जबकि 10 की हालत गंभीर है। सभी का इलाज जारी है। गौसेवक और स्थानीय लोगों चक्काजाम कर विरोध जताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है। देखिए कवर्धा की तस्वीरें- केस- 1 कवर्धा में 6 गोवंश की मौत पहली घटना कवर्धा के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच सड़क पर मौजूद गोवंश को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में 5 गाय और एक बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गौवंश घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गोवंश की मौत से नाराज ग्रामीणों ने कवर्धा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लगातार गोवंश के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। अज्ञात वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने की भी मांग की। स्कूल बसें भी जाम में फंसीं चक्काजाम के कारण कवर्धा-राजनांदगांव मार्ग पर चलने वाली करीब 5 से 7 निजी स्कूल बसें भी फंस गईं। इससे स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों की समझाइश के बाद खत्म हुआ जाम मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म कर दिया। जाम खुलने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। देखिए कोरबा की तस्वीरें- केस- 2 कोरबा में 17 गोवंश को रौंदा दूसरी घटना कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 2 बजे भवानी मंदिर के पास 17 गोवंश चपेट में आ गए, जिसमें से 7 की मौत हो गई। जबकि 10 घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही गौसेवक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घटना से नाराज गौसेवकों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप था कि सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंशों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। दोनों ओर लगी वाहनों की कतार चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। दर्री सीएसपी गिरिजा शंकर साव ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद गौसेवकों ने चक्काजाम खत्म किया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, गौवंश पुलिया के पास कैसे पहुंचे और दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। ………………….. हादसे से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… बेकाबू ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदा, 9 की मौत: बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर हादसा; हाईकोर्ट ने सरकार से कहा था- प्रभावी कदम उठाइए
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों के झुंड को कुचल दिया। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर हुए हादसे में 9 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर…