Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

डेराबस्सी बाजार में सीवरेज ओवरफ्लो:गंदा पानी सड़कों पर, कारोबार प्रभावित; दुकानदारों ने प्रदर्शन की चेतावनी दी

INT News14 August 2026 at 01:55 pm

डेराबस्सी के मुख्य बाजार में सीवरेज ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और राहगीरों व ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में जगह-जगह गंदा पानी जमा होने के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है। दुकानदारों का कहना है कि सीवरेज का पानी दुकानों के सामने जमा होने से ग्राहक बाजार में आने से कतरा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। लोगों ने गंदे पानी से बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई है। दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद और संबंधित विभाग को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। स्थिति यह है कि बाजार के कई हिस्सों से पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने नगर परिषद तथा संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से सीवरेज की समस्या का तुरंत स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।