समाचार · मध्य प्रदेश
देवर समेत 25 लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप:महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, खेत पर कब्जा, तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला
शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के हनुमानखेड़ा गांव की रहने वाली खिलन लोधी ने अपने देवर समेत करीब 25 लोगों पर पति की हत्या के प्रयास, खेत पर कब्जा करने, मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है। महिला के अनुसार, 12 जुलाई की शाम करीब 5 बजे उनके पति वालकिशन लोधी घर के बाहर बैठे थे। तभी देवर रामनिवास लोधी, प्रताप लोधी, जयकुमार और राजन सिंह सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने रेशम की रस्सी से वालकिशन के गले में फंदा डालकर उनकी हत्या करने का प्रयास किया। शोर सुनकर महिला और उनका भांजा अरविंद मौके पर पहुंचे और किसी तरह फंदा हटाकर उन्हें बचाया। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। खेत पर कब्जे का भी आरोप पीड़िता ने बताया कि 13 जुलाई को आरोपी ट्रैक्टर लेकर उनके खेत पर पहुंचे और जबरन जुताई कर कब्जा करने का प्रयास किया। इसकी शिकायत भी खनियाधाना थाने में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला का आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 4 बजे आरोपी पक्ष के लगभग 25 लोग उनके घर पहुंच गए। उन्होंने घर को चारों ओर से घेरकर पथराव किया और जीप, मोटरसाइकिल, टीनशेड तथा मकान में तोड़फोड़ की। आरोप है कि इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और मारपीट करते हुए सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, बिछिया, दो हजार रुपए नकद सहित गृहस्थी का अन्य सामान लेकर चले गए। गले पर अब भी हैं फंदे के निशान महिला का कहना है कि उनके पति के गले पर फंदे के निशान अभी भी मौजूद हैं। आरोपियों के डर से परिवार अपने घर और खेत पर जाने से भी डर रहा है। उन्होंने एसपी से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, पति का मेडिकल परीक्षण कराने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज की जाएगी।