समाचार · हरियाणा
इससे अच्छा था अंग्रेजों का राज; जींद में बोले किसान:छाती में गोली मारकर फूंकते थे; आज हिसार कमिश्नर से मुलाकात; अडाणी ट्रांसमिशन टॉवर विवाद
जींद के ढांडा खेड़ी में अडाणी ग्रुप की ट्रांसमिशन टॉवर लाइन के मुआवजा विवाद पर शुक्रवार को किसान हिसार कमिश्नर से मुलाकात करेंगे। वीरवार को जींद में डीसी व किसानों के प्रतिनिधि मंडल के बीच हुई बातचीत विफल रही थी। मुलाकात के बाद किसानों ने कहा था कि कौन कहता है, हमारा देश आजाद है। देश आजाद होता तो आज बिना पैसा दिए किसानों के खेतों में गड्ढे नहीं खोदे जाते। इससे अच्छा तो अंग्रेजा का राज था। छाती में गोली मारने के बाद फूंक तो देते थे। बदसलूकी देख आता है रोना 24 नवंबर को जिस प्रकार से हमारे बाप- दादाओं को सड़क पर घसीटकर थाने में लाया गया, उस पर हमें रोना आ रहा है। 27 नवंबर को सरकार हमें संतुष्ट नहीं कर पाई तो किसी से कहवा लो, हम डरने वाले लोग नहीं है। इस काम को बंद भी करके दिखाएंगे। इसमें किसी को कोई शक नहीं होना चाहिए। किसान नेता एवं नौगामा खाप प्रधान जयवीर लोहान ने कहा कि टॉवर लगाने के लिए काम अब भी चल रहा है। काम को तो हम ही बंद करेंगे आज के दिन काम बंद करवाने वाला कोई प्रशासन नहीं है। उसको बंद करवाएंगे तो हम ही करवाएंगे, चाहे हमारे पर केस लगे, चाहे हमारे गोली लगे। यदि सरकार बातचीत कर हमें संतुष्ट नहीं करेगी तो गड्ढों को पक्का मूंदेंगे। एक तरफ किसान धरने पर बैठे हैं, दूसरी तरफ टॉवर लाइन का काम चल रहा है। तनाव को देखते हुए तीन दिन से गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। जानिए अब तक क्या हुआ 26 नवंबर की दोपहर किसानों का प्रतिनिधि मंडल जींद में डीसी डॉ. वैशाली शर्मा से मिला। बातचीत आधा घंटा से अधिक चली। जिससे किसान संतुष्ट नहीं थे और सचिवालय से निकलने के बाद किसानों ने बातचीत को विफल करार दिया। 25 नवंबर की शाम एडीसी प्रदीप कुमार के साथ किसानों की मीटिंग हुई। मीटिंग असफल रही और किसानों को डीसी से बातचीत के लिए जींद आने का निमंत्रण मिला। 24 नवंबर की शाम कंपनी कर्मियों ने जेसीबी से खेतों में गड्ढे खोदने शुरू किए। जिससे किसान आक्रोशित हो गए और जेसीबी को रोकने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिस ने किसानों को वहां से हटाया और डिटेन कर लिया। 24 नवंबर की सुबह कपनी कर्मचारी ट्रांसमिशन टॉवर लाइन खड़ी करने के लिए ढांडा खेड़ी गांव पहुंचे। पता चलते ही भारी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए। किसानों की बढ़ती तादाद को देखते हुए गांव में पुलिस बुला ली गई। जानिए क्या है पूरा मामला अडाणी ग्रुप सिवानी से खटकड़ गांव तक ट्रांसमिशन ट्रॉवर लाइन बिछा रहा है। जींद के चार गांव ढांडा खेड़ी, बरसौला, खटकड़ व जाजवान में 26 टॉवर लगाए जाने हैं। इसके लिए किसानों को प्रतिएकड़ 50 लाख रुपए मुआवजा दिया जा रहा है। किसान मुआवजे में भेदभाव के आरोप लगाकर इसका विरोध कर रहे है। किसानों का कहना है एनसीआर में होते हुए जींद में 50 लाख दिए जा रहे है। एनसीआर में नहीं होते हुए हिसार में 1 करोड़ 26 लाख रुपए दिए गए। टॉवर लगाने से पहले जींद के किसानों को एनसीआर के नियमों के अनुसार मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।