समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में 3 मोबाइल झपटमारी का खुलासा:आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग सहआरोपी पकड़ा; 3 मोबाइल और स्कूटी बरामद
शिवपुरी में मोबाइल झपटमारी की तीन घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे के मुताबिक, पहली घटना 31 अगस्त को हुई थी। पोहरी के बीलवराकला निवासी अरुण वर्मा मनियर टोल टैक्स के पास खड़े थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक उनका एप्पल मोबाइल छीनकर भाग गए। दूसरी घटना 12 सितंबर को हुई। अभिषेक ओझा खंडेलवाल फैक्ट्री के पास खड़े थे। तभी स्कूटी सवार दो युवक उनका वीवो मोबाइल छीनकर फरार हो गए। वहीं तीसरी घटना 18 सितंबर को हुई। शाहरुख खान खंडेलवाल फैक्ट्री बायपास रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार बदमाशों ने उनका ओप्पो मोबाइल छीन लिया। एक ही तरीके से मोबाइल छीनकर भागते थे पुलिस के मुताबिक, तीनों घटनाओं में आरोपियों ने एक जैसा तरीका अपनाया। वे स्कूटी से आते थे और राह चलते लोगों का मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए टीआई रोहित दुबे ने अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई थीं। टीमों ने शहर में करीब 50 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपियों के वारदात करने के तरीके को ट्रैक किया। रेलवे स्टेशन से आरोपी पकड़ा गया पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता चला। इसके बाद पुलिस ने 20 सितंबर को शिवपुरी रेलवे स्टेशन से रिंकू शाक्य को पकड़ा। रिंकू शाक्य (22) सुरेश शाक्य का बेटा है और झींगुरा, थाना फिजिकल, शिवपुरी का रहने वाला है। 3 मोबाइल और इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद तीनों वारदातों में झपटे गए मोबाइल फोन बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रिक स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल और स्कूटी समेत सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए है। रिंकू के साथ पकड़ा गया दूसरा युवक नाबालिग निकला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।