समाचार · छत्तीसगढ़
नौकरी लगाने के नाम पर ठगी, थमाया फर्जी ज्वाइनिंग लेटर:स्वयं को पुलिस, एसईसीएल कर्मी बता नौकरी लगाने का दिया झांसा, एक गिरफ्तार
सूरजपुर जिले के खड़गवां निवासी ग्रामीण से साढ़े तीन लाख की ठगी कर ली गई। ठगों ने स्वयं को पुलिसकर्मी और एसईसीएल का अधिकारी बताया और पैसे लेकर ग्रामीण का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला खड़गवां चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, खड़गवां के माझापारा निवासी ललित राम ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह पेंट, पुट्टी का काम करने के लिए मई माह में सूरजपुर गया था। उसे बिरयानी दुकान संचालक राशिद खान ने मिश्रागली निवासी निलेश पाल के संबंध में बताया कि उसकी अच्छी पहुंच है और वह नौकरी लगवाता है। राशिद खान ने बताया कि उसने स्वयं निलेश पाल को 50 हजार रुपये दिया है। स्वयं को पुलिसकर्मी बता ली राशि निलेश पाल ने ललित राम को बताया कि विश्रामपुर एसईसीएल में चपरासी की नौकरी लगवा देगा। उसने 50 हजार रुपये की मांग की। निलेश पाल ने स्वयं को पुलिस का हेड कॉस्टेबल बताया और कहा कहा कि धोखाधड़ी करके वह अपनी नौकरी नहीं गवांएगा। निलेश पाल ने बताया कि खुशबू पाल को विश्रामपुर कालरी का सब एरिया मैनेजर और एक अन्य आरोपी हेमन्त मिश्रा को डीईओ का बेटा बताया। निलेश पाल के कहने पर उसने 50 हजार रुपये दे दिया। बाद में निलेश पाल ने बताया कि डाटा एंट्री आपरेटर का एक पद खाली है। ललित राम ने बताया कि वह आठवीं तक ही पढ़ा है तो उसे निलेश पाल ने बताया कि उसकी पत्नी प्रिंसिपल है। 10 वीं और बाहरवीं का रिजल्ट बनवा देंगे। इसके लिए 1.50 लाख रुपये लगेंगे। तीनों ने मिलकर किश्तों में कुल तीन लाख 55 हजार रुपये ले लिया। 23 जून 2026 को निलेश पाल ने विश्रामपुर अंबेटकर चौक में बुलाकर उसे नौकरी के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। आरोपियों ने बिलासपुर साइन कराने जाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये और मांगे। शंका होने पर ललित राम ने पैसे वापस मांगे। निलेश पाल पैसे देने में टाल मटोल करता रहा। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 338, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में आरोपी निलेश पाल (38 वर्ष) निवासी सरभोका, जिला एमसीबी को गिरफ्तार किया है। उसने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।