Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

3 प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की छापेमार कार्रवाई:करी ईव्स में खुले डस्टबिन, एक ही फ्रिज में रखा था वेज-नॉनवेज; अपना स्वीट्स में मिली गंदगी

INT News21 September 2026 at 08:55 pm

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सोमवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण किया। शिकायत और औचक निरीक्षण के आधार पर की गई कार्रवाई में तीन खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बायपास स्थित करी ईव्स (Curryeves) रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण के दौरान कई कमियां मिलीं। खाद्य प्रतिष्ठान में काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं थे। किचन में खुले डस्टबिन भी मिले। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक ही फ्रिज में रखा जाना पाया गया। टीम ने मौके से रेड ग्रेवी, ब्राउन ग्रेवी, पनीर और दही के चार सैंपल लिए।

व्हाट्सऐप पर मिली शिकायत के बाद न्यू पलासिया स्थित अपना स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई और खाद्य स्वच्छता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। टीम ने प्रतिष्ठान में तैयार किए जा रहे हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, किचन किंग मसाला, आलू मसाला, दाल, मिक्स वेज और बटर पनीर के कुल सात नमूने लिए। कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है। साउथ तुकोगंज स्थित न्यू सुंदर होटल में भी जांच के दौरान किचन कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र और खाद्य परीक्षण संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। इस संबंध में नोटिस जारी किया जा रहा है। यहां से पनीर और चावल के दो नमूने लिए गए।