समाचार · मध्य प्रदेश
तेजा दशमी पर निकले चल समारोह, कलाकारों ने दिखाए करतब:आगर-मालवा, तनोडिया और खीमाखेड़ी में कार्यक्रम; मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, निशान चढ़ाकर मन्नतें मांगीं
मध्यप्रदेश और राजस्थान में सोमवार को तेजा दशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। आगर-मालवा जिला मुख्यालय पर मालीपुरा स्थित तेजाजी मंदिर से एक बड़ा चल समारोह निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। चल समारोह का जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया गया और यह तेजाजी मंदिर पर ही खत्म हुआ। तनोडिया, खीमाखेड़ी और पलखेड़ी समेत पूरे इलाके में भी कई धार्मिक कार्यक्रम हुए। तनोडिया में स्थानीय वीर तेजाजी समिति सनातन चौक ने सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया। रविवार रात मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ हुआ। सोमवार सुबह से मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो शाम 4 बजे तक रही। भक्तों ने अगरबत्ती, नारियल और दूध चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। मन्नत पूरी होने पर निशान भी चढ़ाए गए। एक दिन के मेले में सैकड़ों लोगों ने खरीदारी की। यहां चल समारोह नई आबादी से शुरू होकर नगर के मुख्य रास्तों से होते हुए शाम 4 बजे के बाद सनातन चौक मंदिर पहुंचा। इसमें करीब 60 से 65 निशान शामिल थे, जबकि मंदिर पहुंचने तक लगभग 85 निशान चढ़ाए गए। जगह-जगह अखाड़ों के कलाकारों ने करतब दिखाए। मंदिर में पंडा चेतन ने महिलाओं की गोद भरने की रस्म पूरी की। महाआरती के बाद प्रसाद बांटा गया। दिन हुए कार्यक्रम ग्राम खीमाखेड़ी में भी शोभायात्रा निकाली गई। रविवार रात 9 बजे प्रकाश मालवीय की मंडली ने तेजाजी महाराज की कथा सुनाई। सोमवार सुबह 10 बजे राम मंदिर से शोभायात्रा शुरू हुई। श्रद्धालु निशान लेकर चल रहे थे। अखाड़ा कलाकारों ने भी करतब दिखाए। शोभायात्रा दोपहर 2.30 बजे कालेश्वर मंदिर पहुंची, जहां पुजारी कमल सिंह ने आरती की। इसके बाद महाप्रसादी बांटी गई। ग्राम पलखेड़ी में भी जुलूस निकालकर तेजाजी महाराज को निशान चढ़ाए गए।