Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

डोल ग्यारस: पुराने शहर से खटलापुरा तक ट्रैफिक डायवर्ट:दोपहर 1 बजे से जुलूस की लोकेशन के अनुसार बदलेगा ट्रैफिक, भारी वाहनों के लिए अलग रूट

INT News21 September 2026 at 08:53 pm

भोपाल में डोल ग्यारस के जुलूस को लेकर राजधानी में मंगलवार को ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे। नगरीय यातायात पुलिस ने जुलूस के दौरान दोपहर 1 बजे से आवश्यकतानुसार अलग-अलग चरणों में डायवर्जन प्लान जारी किया है। जुलूस चौक बाजार से शुरू होकर लखेरापुरा, भवानी मंदिर, पीरगेट, सेफिया कॉलेज रोड, इमामबाड़ा चौकी, जनकपुरी पानी की टंकी, जुमेराती गेट, सराफा चौक, इब्राहिमपुरा, रंजन पेन कॉर्नर, सुल्तानिया रोड, बुधवारा, तलैया काली मंदिर, लिली टॉकीज चौराहा और पीएचक्यू तिराहा होते हुए खटलापुरा मंदिर के पास समाप्त होगा। जुलूस पीरगेट पहुंचने पर रॉयल मार्केट से पीरगेट की ओर मध्यम-भारी मालवाहक वाहनों और बीसीएलएल बसों का प्रवेश बदला रहेगा। इन वाहनों को तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज, नादरा बस स्टैंड और भारत टॉकीज होकर भेजा जाएगा। इमामबाड़ा चौकी पहुंचने पर नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास-छोटे भैया चौराहा मार्ग पर सभी वाहनों का आवागमन परिवर्तित रहेगा। पानी की टंकी तिराहे पर आजाद मार्केट से जुमेराती गेट और चौक बाजार से लोहा बाजार-जुमेराती गेट की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। जुलूस के रंजन पेन कॉर्नर-सुल्तानिया रोड पहुंचने पर मोती मस्जिद और बुधवारा के बीच मध्यम-भारी मालवाहक वाहनों का मार्ग बदलेगा। इन वाहनों को रेतघाट-गिन्नौरी होकर भेजा जाएगा। भारत टॉकीज से न्यू मार्केट जाने वालों को लंबा रूट जुलूस के तलैया काली मंदिर पहुंचने पर भारत टॉकीज से लिली टॉकीज होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे तक सभी हल्के वाहनों का आवागमन परिवर्तित रहेगा। भारत टॉकीज से न्यू सिटी की ओर जाने वाले वाहन पुल बोगदा, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज, एमपी नगर और न्यू मार्केट होकर जा सकेंगे। रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहनों को पुलिस कंट्रोल रूम से भारत टॉकीज की ओर जाने के बजाय जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, मैदा मिल, सुभाष नगर ओवरब्रिज और प्रभात चौराहा होकर जाना होगा। भारी, मध्यम और मालवाहक वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है। रोशनपुरा से भारत टॉकीज जाने वाले वाहन लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, मैदा मिल, सुभाष नगर ओवरब्रिज और प्रभात चौराहा होकर जाएंगे। जुलूस खटलापुरा मंदिर पहुंचने पर पुराने मछलीघर तिराहे और पीएचक्यू तिराहे से खटलापुरा रोड का यातायात बदला रहेगा। वाहनों को पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा और गांधी पार्क होकर भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जुलूस के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। परेशानी की स्थिति में यातायात हेल्पलाइन 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।