Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

छतरपुर में पुलिस आरक्षक ने छात्रों की कार रोकी:गाली-गलौज का आरोप, पुलिसकर्मी बोले- कार से ऑयल गिर रहा था

INT News21 September 2026 at 08:50 pm

छतरपुर शहर में सोमवार शाम एक पुलिस आरक्षक और कॉलेज छात्रों के बीच विवाद हो गया। छात्रों का आरोप है कि बस स्टैंड चौराहे से महोबा रोड जाते समय पुलिसकर्मी ने बाइक से उनकी कार रोक ली। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए थाने चलने को कहा। छात्रों ने इसका कारण पूछा और चौराहे के कैमरों से घटना की जांच कराने की बात कही। वहीं, पुलिसकर्मी ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि कार से ऑयल गिर रहा था, इसलिए उसे रुकवाया गया था। मामला सिटी कोतवाली पहुंचा, जहां दोनों पक्षों से बातचीत की गई। बाइक आगे लगाकर कार रुकवाने का आरोप

छात्रों के मुताबिक, वे कार से बस स्टैंड चौराहे से महोबा रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार पुलिसकर्मी ने उनकी कार के आगे बाइक लगाकर रोक लिया। छात्रों का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद कार से बाहर निकलने और थाने चलने को कहा। छात्रों ने पूछा- हमारा गुनाह क्या है?

छात्रों ने पुलिसकर्मी से पूछा कि उन्हें किस गलती के लिए थाने ले जाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वे कॉलेज छात्र हैं और छतरपुर में पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रों ने कहा कि अगर उनसे ओवरटेक करने या एक्सीडेंट जैसी कोई गलती हुई है तो उन्हें बताया जाए। उन्होंने चौराहे पर लगे कैमरों की जांच कराने की बात भी कही। वायरलेस से पुलिसकर्मियों को बुलाने का आरोप

छात्रों के अनुसार, पुलिसकर्मी ने उनकी बात सुनने के बजाय वायरलेस सेट और फोन से दूसरे पुलिसकर्मियों को बुलाना शुरू कर दिया। इसके बाद छात्रों को पुलिसकर्मियों के साथ सिटी कोतवाली ले जाया गया। हेड कांस्टेबल बोले- कार से ऑयल गिर रहा था

सिटी कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल हरिशंकर नायक (240) ने छात्रों के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि कार से ऑयल गिर रहा था। इसी वजह से उन्होंने गाड़ी रुकवाई थी। हेड कांस्टेबल ने छात्रों से गाली-गलौज या अभद्रता करने से इनकार किया। मामले की जानकारी सिटी कोतवाली टीआई सतीश सिंह के संज्ञान में आई। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी और कॉलेज छात्रों को कोतवाली बुलाया। इसके बाद छात्र और हेड कांस्टेबल अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कोतवाली पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच मामले को लेकर बातचीत हुई। फिलहाल छात्रों के आरोप और पुलिसकर्मी का पक्ष सामने आया है। मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।