समाचार · मध्य प्रदेश
कुरवाई में लिफ्ट लेकर ₹1.67 लाख लूटे:पुलिस ने 3 दिन में किया खुलासा, दो गिरफ्तार; देशी कट्टा, कारतूस और लूटी रकम बरामद
कुरवाई में लिफ्ट के बहाने बोलेरो में सवार होकर देशी कट्टे की नोक पर ₹1.67 लाख लूटने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से देशी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और लूटी गई रकम का अधिकांश हिस्सा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 16 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे हुई थी। ग्राम मेहलुआ चौराहा निवासी दिनेश मिश्रा बोलेरो से फतेहपुर मोड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों ने लिफ्ट मांगी। दोनों के बोलेरो में बैठने के बाद कुछ दूरी पर उन्होंने कट्टा दिखाकर दिनेश को धमकाया और ₹1.67 लाख लूट लिए। इसके बाद बोलेरो की चाबी झाड़ियों में फेंककर बाइक से भाग गए। दिनेश की रिपोर्ट पर कुरवाई थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने 19 सितंबर को दोनों आरोपियों को पकड़ा। ₹1.67 लाख की बरामदगी, कट्टा और बाइक जब्त पुलिस के अनुसार, आरोपियों से ₹1.60 लाख बैंक में जमा होने की रसीद/पासबुक, ₹3,200 और ₹3,900 नकद मिले हैं। पुलिस ने कुल ₹1,67,100 की राशि बरामद होने की जानकारी दी है। इसके अलावा 315 बोर का देशी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल होंडा शाइन बाइक जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम यादव (25), निवासी चंदवारा/दिनारा, जिला शिवपुरी और देवेश विश्वकर्मा (24), निवासी ठिकाऊ, थाना धीरपुरा, जिला दतिया, हाल निवासी दिनारा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिवम के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।