समाचार · मध्य प्रदेश
‘मोज़ेक’ में एक मंच पर जुटे आर्किटेक्ट्स:लकड़ी के ब्लॉक्स से तैयार किए क्रिएटिव स्ट्रक्चर, IIA MP चैप्टर और इंदौर सेंटर की नई टीम ने संभाला पदभार
अलग-अलग सोच, अनुभव और विचारों को जोड़कर मजबूत कम्युनिटी बनाने का संदेश देते हुए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (IIA) इंदौर सेंटर ने शनिवार शाम ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में ‘मोज़ेक’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में IIA एमपी चैप्टर और इंदौर सेंटर की इंस्टॉलेशन सेरेमनी भी हुई। इसमें वरिष्ठ आर्किटेक्ट्स, युवा प्रोफेशनल्स और वास्तु क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अचानक सरप्राइज ग्रुप कॉम्पिटिशन रखा गया। टेबल पर बैठे आर्किटेक्ट्स को वुडन ब्लॉक्स और पांच मापदंड दिए गए। इन्हीं के आधार पर उन्हें जमीन पर फैले हुए, ऊंचे, सस्टेनेबल और खूबसूरत स्ट्रक्चर तैयार करने थे। कम समय में टीमवर्क और क्रिएटिविटी का इस्तेमाल करते हुए प्रतिभागियों ने कई आकर्षक मॉडल तैयार किए। कुछ मॉडल में प्रकृति के तत्व नजर आए तो कुछ में तेजी से बदलते इंदौर की झलक दिखाई दी। नई तकनीक से लेकर टाउन प्लानिंग और सेफ्टी पर फोकस इंस्टॉलेशन सेरेमनी में IIA इंदौर सेंटर के अध्यक्ष आर्किटेक्ट अर्पित काबरा ने कहा कि नए कार्यकाल में आर्किटेक्चर प्रोफेशन की पहचान और गरिमा को मजबूत करने के साथ नॉलेज शेयरिंग, सामाजिक जिम्मेदारी और युवा आर्किटेक्ट्स व विद्यार्थियों से संवाद पर फोकस रहेगा। सेमिनार और वर्कशॉप के माध्यम से नई तकनीक, मटेरियल, बिल्डिंग बायलॉज, टाउन प्लानिंग, सेफ्टी सहित अन्य विषयों पर जानकारी साझा की जाएगी। उपाध्यक्ष आर्किटेक्ट कपिल जैन ने कहा कि आर्किटेक्चरल कॉम्पिटिशन, आइडिया चैलेंज और क्रिएटिव प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं की नई सोच और इनोवेशन को बढ़ावा दिया जाएगा। मजबूत टीम और आपसी समन्वय जरूरी IIA के नेशनल प्रेसिडेंट आर्किटेक्ट जितेंद्र मेहता ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता के लिए मजबूत टीम और आपसी समन्वय जरूरी है। उन्होंने इंदौर सेंटर की गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी नए और रचनात्मक कार्यक्रमों पर जोर दिया। कार्यक्रम में आर्किटेक्ट विभा श्रीवास्तव, संजीव बंब और स्वप्निल शुक्ला सहित वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व पदाधिकारियों के योगदान को भी याद किया गया। IIA इंदौर सेंटर की सचिव आर्किटेक्ट गुंजन बडजात्या ने आभार माना।