समाचार · मध्य प्रदेश
बालाघाट में 24 आदिवासी बच्चों की मौत का मामला:राष्ट्रीय जनजाति आयोग करेगा जांच, विभागों की भूमिका में चूक की होगी पड़ताल
बालाघाट जिले के बिरसा क्षेत्र में विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के 24 बच्चों की खसरा, मलेरिया और अन्य बीमारियों से मौत हो गई है। इस मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। टीम ने मृतक बच्चों के परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। आयोग की टीम में विधि सलाहकार प्रकाश कुमार उइके, डायरेक्टर पुणेन्दु्रकांत और इंवेस्टिगेटर शिवप्रकाश शामिल थे। उन्होंने सोनगुड्डा, बोंदारी, कुंडेकसा, कोरका, गठिया और मछुरदा जैसे प्रभावित गांवों का दौरा किया। टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएससी), आंगनवाड़ी केंद्र और जनजातीय छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक बच्चों के परिवारों से बच्चों की बीमारी, इलाज और मौत के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान बच्चों में टीकाकरण, पोषण, पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी जुटाई गई। इस दौरे के दौरान महाकौशल वनवासी विकास परिषद के जनजाति सहहित रक्षा प्रमुख लखन मेरावी भी टीम के साथ मौजूद रहे। मेरावी ने ही आयोग को बैगा आदिवासी गांवों में बच्चों की बीमारियों से हो रही मौतों के संबंध में पत्र लिखा था। निरीक्षण के बाद मुख्यालय में आयोग सदस्य विधि सलाहकार प्रकाश कुमार उइके ने प्रेस को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य के निर्देश पर टीम ने दो दिनों तक प्रभावित गांवों का दौरा किया। आयोग बच्चों की असमय हुई मौतों की जांच कर रहा है और हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभागों से दस्तावेज और रिकॉर्ड मांगे गए हैं। एक सवाल के जवाब में उइके ने बताया कि मुख्य रूप से पीएचई (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी), स्वास्थ्य, मलेरिया और महिला एवं बाल विकास विभाग की बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन विभागों की भूमिका की भी जांच की जाएगी कि आखिर कहां चूक होने से बच्चों की मौतें हुईं। उइके ने यह भी बताया कि क्षेत्र में अशिक्षा और जागरूकता की कमी भी एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि जनजातीय विभाग, अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर योजनाओं को जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने का काम करता है, और बच्चों की मौत से जुड़े इस मामले में उसकी भूमिका की भी जांच की जाएगी।