national
वायनाड भूस्खलन: केरल के मंत्री ने बताया मानव निर्मित आपदा; ठेकेदारों को ठहराया जिम्मेदार

Wayanad Landslide: इस हादसे को लेकर केरल सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. प्रदेश के कृषि मंत्री टी सिद्दीकी ने साफ तौर पर इसे 'मानव निर्मित' (मैन-मेड) आपदा करार दिया है. उन्होंने कहा: "यह कोई प्राकृतिक भूस्खलन नहीं है. सुरंग की खुदाई के बाद निकली मिट्टी को बेहद अवैज्ञानिक और गलत तरीके से एक जगह जमा किया गया था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ." मंत्री ने बताया कि इस लापरवाही को लेकर पहले भी चिंता जताई गई थी और काम रोकने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन ठेकेदारों ने बात नहीं मानी.
दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो वायरल
दिल दहला देने वाली इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि बारिश के कारण पुल के पास जमा मिट्टी का एक बहुत बड़ा ढेर अचानक ताश के पत्तों की तरह नीचे ढह गया. बता दें कि यह वही मेप्पाडी पंचायत है, जिसने साल 2024 में भी भीषण भूस्खलन का दर्द झेला था.
समय पर नहीं हटाया मलबा: मुख्यमंत्री
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा कि लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री पी. के. बशीर और जिलाधिकारी (DM) ने ठेकेदारों को पहले ही वहां से भारी मात्रा में जमा मिट्टी हटाने का आदेश दिया था. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह हादसा मौसम की चेतावनी न मिलने की वजह से नहीं हुआ, बल्कि अधिकारियों की बात न मानकर समय पर मिट्टी न हटाने की वजह से हुआ है. फिलहाल मौके पर युद्धस्तर पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है.
मौसम विभाग का 'रेड अलर्ट'
इस बीच, वायनाड में मौसम को लेकर चिंता और बढ़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को जिले में भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है. जिले के मानंतवाडी और वायथिरी इलाकों में पहले से ही मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे राहत और बचाव काम में भी मुश्किलें आ रही हैं.
ये भी पढ़ें: वायनाड भूस्खलन का खौफनाक वीडियो आया सामने; मंजर देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
ये भी पढ़ें: वायनाड में भारी बारिश का कहर: कल्लाडी टनल के पास भूस्खलन; एक की मौत, 7 घायल