Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दमोह में किसान पर चलाई कुल्हाड़ी:जमीन विवाद में दो लोगों ने किया हमला, घायल अस्पताल में भर्ती

INT News14 August 2026 at 06:55 pm

दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदुआ पंचम गांव में शुक्रवार शाम एक किसान पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। खेत में तार फेंसिंग करते समय हुए इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हटा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घायल किसान की पहचान 56 वर्षीय भगवत प्रसाद कुर्मी के रूप में हुई है। भगवत प्रसाद ने बताया कि वह अपने खेत में तार फेंसिंग कर रहे थे, तभी रमेश कुर्मी अपने बेटे विष्णु के साथ वहां आया। उन्होंने पहले तार निकाले और फिर कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी हथेली में गहरा घाव हो गया। घायल किसान का आरोप है कि आरोपी उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। उनका कहना है कि आरोपियों का खेत नाले के उस पार है, जबकि उनका खेत नाले के इस पार है। दो बार हो चुकी नपाई भगवत प्रसाद ने बताया कि इस जमीन की दो बार राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी द्वारा नपाई भी की जा चुकी है, और उस समय भी आरोपी वहां मौजूद थे। इसके बावजूद वे जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। भगवत प्रसाद के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन खेत में पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए हटा सिविल अस्पताल ले गए। घटना की जानकारी हटा पुलिस को दी गई, जिसने आरोपियों रमेश कुर्मी और विष्णु के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।